जब इमरान ताहिर के बेटे के साथ जमीन पर बैठकर खेलने लगे एमएस धोनी
राइजिंग पुणे सुपरजायंट के अबतक कुल 14 प्वाइंट हो गए हैं और वह प्वाइंट टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई
Published On May 04, 2017, 11:46 AM IST
Last UpdatedMay 04, 2017, 11:46 AM IST

एमएस धोनी भले ही आज क्रिकेट के मैदान में कई मुकाम हासिल कर चुके हों लेकिन वह आज भी साफ दिल इंसान हैं और वह अपनी दिली ख्वाहिशों और दूसरों की तरफ प्यार जताने के अंदाज को बड़ी सहजता से व्यक्त करते हैं। हाल ही में एमएस धोनी पुणे सुपरजायंट के साथी खिलाड़ी इमरान ताहिर के बेटे के साथ जमीन पर बैठकर खेलने लगे। धोनी हाल ही में एयरपोर्ट पर थे और उन्होंने जैसे ही इमरान के बेटे को खिलखिलाते हुए देखा तो वह भी जमीन पर बैठ गए और उनके साथ खेलने लगे। धोनी हमेशा ही अपने इसी तरह के अंदाज के लिए जाने जाते हैं और जिस अंदाज में वह एयरपोर्ट पर नजर आए वह शानदार था। धोनी को बच्चे कुछ ज्यादा ही प्यारे हैं। वह अपनी बेटी जीवा के साथ सोशल मीडिया पर अक्सर मजेदार फोटो साझा करते रहते हैं। इमरान ताहिर, धोनी के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, “मैं एमएस धोनी के लिए मन में बहुत सम्मान रखता हूं। उन्होंने भारत और क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है।”
मौजूदा सीजन में एमएस धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट टीम की कप्तानी नहीं कर रहे हैं। बल्कि स्टीवन स्मिथ टीम के कप्तान हैं। राइजिंग पुणे सुपरजायंट के अबतक कुल 14 प्वाइंट हो गए हैं और वह प्वाइंट टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई और इस तरह उसके प्ले ऑफ में पहुंचने के मौके बहुत बढ़ गए हैं। वैसे आंकड़ों के हिसाब से देखें तो धोनी के लिए मौजूदा आईपीएल कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने आईपीएल 2017 में 11 मैचों में 25.50 की औसत से 204 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 110 का रहा है। उनके नाम अब तक सिर्फ 1 अर्धशतक है। आईपीएल 10, मैच 41, राइजिंग पुणे सुपरजायंट बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोरकार्ड
वहीं इमरान ताहिर हर दूसरे मैच के साथ कहर बरपा रहे हैं। अब तक वह इस सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। ताहिर अब तक 17 विकेट ले चुके हैं। टूर्नामेंट में अबतक सबसे ज्यादा 21 विकेट सनराइजर्स हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार ने लिए हैं। ताहिर ने स्पिन विभाग में पुणे के लिए किसी धुरी की तरह काम किया है।