मुंबई इंडियंस के लिए खेलना सपना सच होने जैसा है: हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद ही हार्दिक को टीम इंडिया में खेलने का मौका मिला था।
Published On May 19, 2018, 01:11 PM IST
Last UpdatedMay 19, 2018, 01:11 PM IST
Hardik Pandya, Rohit Sharma © AFP
इंडियन प्रीमियर लीग की टीम मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने कहा है कि तीन बार खिताब जीत चुकी चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए खेलना उनके लिए सपना सच होने जैसा है। मुंबई इंडियंस के पास मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और श्रीलंका के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा जैसे दिग्गजों का कोचिंग स्टाफ है। इसके अलावा भारतीय टीम के बल्लेबाज रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं जबकि वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी कायरान पोलार्ड भी टीम का हिस्सा हैं।
[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/ipl-2018-kolkata-knight-riders-ready-for-do-or-die-match-says-coach-jacques-kallis-713670″][/link-to-post]
हार्दिक शुक्रवार को दिल्ली में ताइवान एक्सपो में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने कहा, “टीम में कई सारे दिग्गज हैं और हर दिन हमें एक नई चीज सीखने को मिलती है। इसलिए मुंबई इंडियंस के लिए खेलना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है।” हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के अपने साथी ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के साथ ताइवान एक्सपो का दौरा किया।
मुंबई की टीम आईपीएल के 11वें सीजन में अंकतालिका में 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। टीम ने अब तक खेले गए 13 मैचों में से छह जीते हैं। मुंबई को अपने आखिरी लीग मैच में रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स से भिड़ना है और हार्दिक का मानना है कि टीम इस चुनौती के लिए तैयार है।
हरफनमौला खिलाड़ी ने कहा, “हमारी टीम का हमेशा से यह मानना रहा है कि हम अपना सर्वश्रेठ दें, हारना और जीतना खेल का हिस्सा है। प्लेऑफ को लेकर आगामी मैचों के लिए टीम वास्तव में काफी सकारात्मक है।”