चेन्नई के खिलाफ अर्धशतक लगाकर शुबमन गिल ने बढ़ा दी कप्तान कार्तिक की मुश्किल
शुबमन गिल ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में नाबाद 57 रनों की पारी खेली थी।
Published On May 04, 2018, 12:42 PM IST
Last UpdatedMay 04, 2018, 12:42 PM IST
शुबमान गिल © AFP
इंडियन प्रीमियर लीग के 33वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स के शुबमन गिल ने शानदार अर्धशतक बनाकर अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई। गिल ने 178 के लक्ष्य का पीछा करते हुए 36 गेंदो पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। गिल की इस पारी की मदद से केकेआर ने सीएसके जैसी मजबूत टीम को हरा दिया लेकिन इससे कप्तान दिनेश कार्तिक की परेशानी बढ़ गई।
link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/articles/ipl-2018-kings-xi-punjab-vs-mumbai-indians-match-34-peview-and-likely-11s-708438″][/link-to-post]
मैच के बाद कार्तिक ने आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के लिए गिल का इंटरव्यू लिया। इस दौरान कार्तिक ने अपनी परेशानी बताई। कप्तान ने कहा कि अब जबकि गिल ने चार नंबर पर खेलते हुए इतनी अच्छी पारी खेली है तो जब पीठ दर्द की वजह से टीम से बाहर चल रहे चार नंबर के बल्लेबाज नितीश राणा वापस आएंगे तो वो किस खिलाड़ी को कहां खिलाएंगे। कप्तान के इस सवाल पर गिल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि, “आज कल क्रिकेट खुद को हालात के हिसाब से ढालने का नाम है। मैं कहीं भी खेलने के लिए तैयार हूं। आप मुझे जहां भी खिलाओगे मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।”
गिल और कार्तिक ने फैंस को केकेआर का समर्थन करने के लिए शुक्रिया कहा। 10 प्वाइंट्स के साथ अंकतालिका में तीसरे नंबर पर चल रही केकेआर को अगला मैच रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेलना है।