Advertisement

Match Highlights: श्रेयस गोपाल ने चौका लगाकर राजस्थान को दिलाई 4 विकेट से जीत

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डी कॉक के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए हैं। जवाब में जोस बटलर के 89 रन के दम पर राजस्थान ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की।

Match Highlights: श्रेयस गोपाल ने चौका लगाकर राजस्थान को दिलाई 4 विकेट से जीत
Updated: April 13, 2019 7:46 PM IST | Edited By: Viplove Kumar

यह राजस्थान की इस सीजन की दूसरी जीत है। इस जीत से उसके अब चार अंक हो गए हैं हालांकि वह अभी भी सातवें स्थान पर ही बनी हुई है। श्रेयस गोपाल पहले गेंदबाजी में चमके और अब टीम के लिए बल्लेबाजी में उपयोगी साबित हो रहे हैं। यह युवा राजस्थान के लिए इस सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

राजस्थान 188/6, ओवर 19.3 : श्रेयस गोपाल ने शानदार चौका लगाकर राजस्थान को टूर्नामेंट में दूसरी जीत दिला दी। पहली गेंद पर गोपाल ने एक हवाई शॉट खेला था जो बाउंड्री के पास रुक गई लेकिन हार्दिक पांड्या की तीसरी गेंद को चौके के लिए भेजकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी।

राजस्थान 182/6, ओवर 19: जसप्रीत बुमराह ने आते ही एक और विकेट चटकाया है। स्टीव स्मिथ का कैच इशान किशन ने लेने में कोई गलती नहीं की। राजस्थान का छठा विकेट गिरा। ओवर की पांचवीं गेंद पर श्रेयस गोपाल ने थर्ड मैन पर चौका हासिल किया। आखिरी गेंद पर गोपाल के बल्ले का किनारा लेकर गेंद किशन के पास गई लेकिन वह चूक गए। राजस्थान को आखिरी ओवर में 6 रन बनाने हैं।

राजस्थान 174/5, ओवर 18: क्रुणाल पांड्या का यह ओवर मुंबई के लिए क्या शानदार घटा है। पहली गेंद पर राहुल त्रिपाठी को आउट करने के बाद क्रुणाल ने आखिरी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन को बोल्ड कर दिया। 12 गेंद पर राजस्थान को 14 रन की जरूरत है।

राजस्थान 171/3, ओवर 17: जसप्रीत बुमराह ने सही वक्त पर मुंबई के लिए विकेट हासिल किया है। ओवर की पांचवीं गेंद पर बुमराह ने संजू सैमसन के खिलाफ LBW की अपील की और अंपायर ने आउट दिया। संजू ने रिव्यू लिया लेकिन थर्ड अंपायर ने भी पाया कि गेंद स्टंप से जाकर टकराती। 26 गेंद 31 रन बनाकर संजू आउट हुए। जीत के लिए राजस्थान को 18 गेंद पर 17 रन की जरूरत है।

राजस्थान 168/2, ओवर 16: क्रुणाल पांड्या का यह ओवर राजस्थान के लिए काफी अच्छा रहा। स्टीव स्मिथ ने पहली गेंद पर चौका हासिल किया जबकि पांचवीं गेंद पर संजू सैमसन ने चौका लगाया। राजस्थान को अगली 24 गेंद पर जीत के लिए बनाने हैं 20 रन

राजस्थान 158/2, ओवर 15:हार्दिक पांड्या के इस ओवर में कोई बड़ा शॉट देखने को नहीं मिला। ओवर में बने सिर्फ 5 रन और राजस्थान को अब 30 गेंद पर बनाने हैं 30 रन

राजस्थान 153/2, ओवर 14: पिछले ओवर में 28 रन बनाने वाले जोस बटलर को राहुल चाहर ने आउट कर राजस्थान को करारा झटका दिया। लॉन्ग ऑफ पर बटलर के शॉट को सूर्यकुमार यादव ने कैच किया। वह 43 गेंद पर 89 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में सात छक्के औऱ 8 चौके शामिल थे। राजस्थान को 36 गेंद पर अब 35 रन की जरूरत है।

राजस्थान 146/1, ओवर 13: डेब्यू मैच में टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड बनाने वाले अल्जारी जोसफ के इस ओवर में बने कुल 28 रन । बटलर ने इस ओवर में दो छक्के और 4 चौके लगाए। बटलर ने पहली गेंद पर छक्का लगाया और इसके बाद बाकी 4 गेंद पर चौके लगाए। आखिरी गेंद को छक्के के लिए भेजते हुए बटलर ने इस मैच को राजस्थान की तरफ मोड़ दिया।

राजस्थान 118/1, ओवर 11: राहुल चाहर के ओवर की पहली ही गेंद पर जोस बटलर ने आगे बढ़कर लॉन्ग ऑन के उपर से जोरदार छक्का लगाया। चौथी गेंद पर संजू सैमसन ने भी करारा शॉट लगाते हुए 6 रन हासिल किए। इस ओवर में 15 रन बने और अब राजस्थान को 48 गेंद पर 70 रन की जरूरत है।

राजस्थान 100/1, ओवर 10: जोस बटलर ने आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। पांचवीं गेंद को फाइन खेलकर उन्होंने चौका हासिल किया था। 29 गेंद पर बटलर ने 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पचास रन पूरे किए। अब यहां से राजस्थान को 60 गेंद पर 88 रन की जरूरत है। राजस्थान की टीम के 100 रन पूरे हो चुके हैं।

राजस्थान 89/1, ओवर 9: पिछले ओवर में विकेट हासिल करने वाले क्रुणाल पांड्या का स्वागत जोस बटलर ने शानदार छक्के के साथ किया। ओवर की चौथी गेंद को भी उन्होंने दर्शकों को बीच पहुंचाया। बटलर ने दोनों छक्के लॉन्ग ऑन के उपर से ही लगाए।

राजस्थान 64/1, ओवर 7: क्रुणाल पांड्या ने ओवर की दूसरी गेंद पर ही मुंबई की टीम को कामयाबी दिलाई। 37 रन पर खेल रहे रहाणे ने डीप मिडविकेट की तरफ शॉट लगाया और सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच पकड़ा। रहाणे ने 21 गेंद पर 37 रन की पारी खेली जिसमें 6 चौके और 1 छक्का लगाया।

राजस्थान 59/0, ओवर 6: पावर प्ले का आखिरी ओवर करने आए जसप्रीत बुमराह के ओवर में बटलर और रहाणे ने बनाए कुल 10 रन। पहली गेंद पर रहाणे ने कवर की तरफ एक लाजवाब शॉट लगाकर चौका हासिल किया। पांचवीं गेंद पर बटलर ने करारा शॉट जमाते हुए चौका लगाया। इसी ओवर में राजस्थान के पचास रन भी पूरे हुए।

राजस्थान 49/0, ओवर 5: अल्जारी जोसफ के इस ओवर में अजिंक्य रहाणे ने दो चौके और एक छक्का लगाया। ओवर की शुरुआत रहाणे ने प्वाइंट के उपर से चौका लगाकर की। चौथी गेंद को उन्होंने लॉन्ग ऑन के उपर से छक्के के लिए भेजा। अगली ही गेंद पर एक और चौका हासिल किया। जोसफ के इस ओवर में 17 रन बने।

राजस्थान 32/0, ओवर 4: चौथे ओवर में ही कप्तान रोहित शर्मा ने राहुल चाहर को आक्रमण पर बुलाया है। चौथी गेंद पर राहुल ने बटलर के खिलाफ LBW की जोरदार अपील की लेकिन अंपायर ने इसे नकार दिया। कप्तान रोहित ने रिव्यू लेने का फैसला किया लेकिन थर्ड अंपायर ने बटलर को नॉट आउट करार दिया।

राजस्थान 12/0, ओवर 2: अल्जारी जोसफ के इस ओवर में जोस बटलर ने दो चौके लगाए। ओवर की तीसरी और आखिरी गेंद पर बटलर ने चौका लगाया।

राजस्थान 4/0, ओवर 1: जेसन बेहरेनडॉर्फ मुंबई की तरफ से पहला ओवर करने आए। चौथी गेंद पर रोहित शर्मा से एक कैच छूटा। अजिंक्य रहाणे ने मिड ऑफ की तरफ शॉट लगाया और रोहित ने मौका गंवा दिया। आखिरी गेंद पर बेहरेनडॉर्फ ने LBW की अपील की और अंपायर ने रहाणे को आउट करार दिया। उन्होंने DRS लेने का इशारा किया, थर्ड अंपायर ने पाया की गेंद स्टंप को मिस करती और रहाणे को नॉट आउट करार दिया।

मुंबई की टीम ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 188 रन की लक्ष्य रखा है। कप्तान रोहित शर्मा ने 47 रन बनाए तो वहीं हार्दिक पांड्या ने आखिर में आकर 11 गेंद पर 28 रन की पारी खेलकर टीम को 187 रन तक पहुंचाया। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट हासिल किए जबकि श्रेयस गोपाल की गेंदबाजी काफी किफायती रही। 4 ओवर में उन्होंने सिर्फ 21 रन दिए हालांकि विकेट कोई हासिल नहीं कर पाए।

मुंबई 187/5, ओवर 20: जयदेव उनादकट के ओवर की पहली गेंद पर इशान किशन ने शानदार चौका लगाया लेकिन दूसरी ही गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। उनका कैच जोस बटलर ने पकड़ा। हार्दिक पांड्या ने चौथी गेंद पर क्रीज का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए चौका लगाया। अगली गेंद उनादकट ने वाइड डाली। पांचवीं गेंद पर हार्दिक ने बटलर के उपर से लॉन्ग ऑन की तरफ छक्का लगा दिया।

मुंबई 171/4, ओवर 19: क्विंटन डी कॉक का विकेट हासिल कर जोफ्रा आर्चर ने मुंबई को जोरदार झटका दिया है। 52 गेंद पर 81 रन बनाकर डी कॉक आउट हुए। जोस बटलर ने लॉन्ग ऑफ से दौड़ लगाकर एक बेहतरीन कैच पकड़ा। आखिरी गेंद पर हार्दिक पांड्या के बल्ले से हेलिकॉप्टर शॉट देखने को मिला। लाजवाब टाइमिंग और गेंद सीधा पहुंची दर्शकों के बीच।

मुंबई 158/3, ओवर 18: धवल कुलकर्णी के ओवर की दूसरी गेंद को मिडविकेट के उपर से शॉट लगाकर हार्दिक पांड्या ने छक्का हासिल किया। ओवर की आखिरी गेंद पर टीम के लिए एक और मौका बना था लेकिन जोफ्रा आर्चर चूक गए। डी कॉक ने शॉट फाइन लेग की तरफ गेंद को खेला लेकिन आर्चर सही से इस परख नहीं पाए।

मुंबई 145/3, ओवर 17: जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान के लिए एक और सफलता हासिल की है। कीरोन पोलार्ड को महज 6 रन पर आउट कर बड़ा विकेट हासिल किया।। आर्चर की तेज रफ्तार गेंद पर पोलार्ड ने जारदार शॉट लगाया, गेंद हवा में उंची खड़ी गई। श्रेयस गोपाल ने मिडविकेट से दौड़ लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा।

मुंबई 126/2, ओवर 15: श्रेयस गोपाल ने अपने आखिरी ओवर में सिर्फ दो रन दिए। चार ओवर गेंदबाजी कर उन्होंने कोई विकेट हासिल नहीं किया लेकिन रन भी सिर्फ 21 ही दिए।

मुंबई 124/2, ओवर 14: सूर्यकुमार यादव को आउट कर धवल कुलकर्णी ने राजस्थान को दूसरी सफलता दिलाई। 10 गेंद पर 16 रन की पारी खेलकर वह एक शानदार गेंद पर बोल्ड होकर वापस लौटे।

मुंबई 104/1, ओवर 12:  क्विंटन डी कॉक ने जयदेव उनादकट के ओवर की तीसरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। मिडविकेट की तरफ एक रन लेकर 34 गेंद पर उन्होंने अपने पचास रन पूरे किए। इस दौरान उन्होंने चार छक्के लगाए और दो चौका भी हासिल किया।

मुंबई 97/1, ओवर 11: जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान के लिए बड़ा विकेट हासिल किया है। रोहित शर्मा को ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने जोस बटलर के हाथों कैच करवाया। 32 गेंद पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से रोहित 47 रन बनाकर आउट हुए।

मुंबई 92/0, ओवर 10: मुंबई की पारी के 10 ओवर खत्म हो चुके हैं। रोहित शर्मा ने इस ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाए। कृष्णप्पा गौथम के इस ओवर में कुल 16 रन बने। दूसरी गेंद को रोहित ने डीप मिडविकेट के उपर खेलकर छक्का हासिल किया और अगली दो गेंद पर बेहतरीन चौका लगाया। पांचवीं गेंद को मारने के लिए रोहित आगे निकले और गौथम ने चालाकी से गेंद उनसे दूर लेग की तरफ डाल दी लेकिन रोहित ने इसे पैर से खेलकर खुद को स्टंप होने से बचा लिया।

मुंबई 72/0, ओवर 8: क्विंटन डी कॉक आज अलग ही रंग में नजर आ रहे हैं। लियाम लिविंगस्टोन के पहले ही ओवर में उनको पड़ गए दो छक्के। चौथी गेंद को डी कॉक ने डीप मिडविकेट के उपर से छक्के के लिए भेजा। अंतिम गेंद पर भी उन्होंने जोरदार छक्का लगाया।

मुंबई 57/0, ओवर 6: पावर प्ले के ओवर खत्म होने के बाद मुंबई ने 57 रन बनाए हैं। टीम ने कोई विकेट नहीं खोया है। धवल कुलकर्णी ने इस ओवर में सिर्फ चार रन दिए। इस वक्त रोहित शर्मा 14 गेंद पर 24 रन जबकि क्विंटन डी कॉक 16 गेंद पर 29 रन बनाकर खेल रहे हैं।

मुंबई 53/0, ओवर 5: पहले दो ओवर में धीमी शुरुआत के बाद मुंबई ने रफ्तार पकड़ी है। पांचवें ओवर में ही टीम के पचास रन पूरे हो गए हैं। जोफ्रा आर्चर की पहली गेंद चौके के लिए गई जबकि दूसरी गेंद पर डी कॉक ने शानदार छक्का लगाया।

मुंबई 41/0, ओवर 4: धवल कुलकर्णी के इस ओवर में रोहित शर्मा ने भी अपने हाथ खोले और लगाए तीन चौके। पहली गेंद पर रोहित ने चौका हासिल किया। इसके बाद आखिरी दो गेंद पर भी उन्होंने चौका लगाया। पांचवीं गेंद को मिड ऑफ जबकि अंतिम गेंद को प्वाइंट की तरफ खेलकर चौका हासिल किया।

मुंबई 27/0, ओवर 3: डी कॉक ने कृष्णप्पा गौथम के ओवर की शुरुआत शानदार छक्के के साथ की है। पहली ही गेंद को लॉन्ग ऑन के उपर से उन्होंने छक्के के लिए भेज दिया। ओवर की चौथी गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर की तरफ चौका लगाया और आखिरी गेंद पर भी डी कॉक ने शानदार चौका हासिल किया। इस ओवर में मुंबई के लिए 18 रन आए।

मुंबई 9/0, ओवर 2: धवल कुलकर्णी ने राजस्थान के लिए दूसरा ओवर काफी किफायती डाला है। इस ओवर में कोई बड़ा शॉट देखने को नहीं मिला। मुंबई के लिए रोहित और डी कॉक संभल कर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस ओवर में बने कुल चार रन ।

मुंबई 5/0, ओवर 1: मुंबई की टीम के लिए पारी की शुरुआत करने कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक आए हैं। कृष्णप्पा गौथम ने राजस्थान के लिए पहला ओवर किया। इस ओवर में कुल पांच रन बने हैं।

राजस्थान के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा भी पहले बल्लेबाजी करने से ज्यादा परेशान नहीं हैं।

चोटिल बेन स्टोक्स आज राजस्थान की प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठे हैं और लियाम लिविंगस्टोन को मौका मिला है। रियान पराग की जगह कृष्णप्पा गौतम की वापसी हुई है।

मुंबई टीम में एक ही बदलाव जिसकी उम्मीद थी। रोहित शर्मा की वापसी हुई और सिद्धेश लाड को बाहर बैठना पड़ रहा है।

मुंबई (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, अल्जारी जोसफ, राहुल चाहर, जेसन बेहरेनडॉर्फ, जसप्रीत बुमराह।

राजस्थान (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ, राहुल त्रिपाठी, लियाम लिविंगस्टोन, कृष्णप्पा गौथम, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी।


इंडियन प्रीमियर लीग के 27वें मैच में आज मुंबई और राजस्थान की टीमें आमने सामने होंगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। आज के मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा की टीम में वापसी होगी।

12वें सीजन में मुंबई और राजस्थान टीमों के बीच ये पहला मुकाबला है। जिसका मतलब है कि राजस्थान टीम पहली बार वानखेड़े की पिच पर खेलेगी। मुंबई के इस मजबूत किले को भेद पाना रॉयल्स टीम के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि उनके ज्यादातर खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में हैं पर किस्मत राजस्थान टीम के पक्ष में नहीं दिख रही है। कई मैच जो उन्होंने हारे, उन्हें वो लगभग जीत चुके थे।

राजस्थान के जोस बटलर, स्टीवन स्मिथ, जोफ्रा ऑर्चर और श्रेयस गोपाल के आज के मैच में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं मुंबई की ओर से कीरोन पोलार्ड, जसप्रीत बुमराह और पांड्या ब्रदर्स लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लसिथ मलिंगा की गैर मौजूदगी में अल्जारी जोसफ मुंबई के लिए अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।

Advertisement

LIVE SCOREBOARD

Advertisement