- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ipl 2020 csk bowler deepak chahar tests positive for covid 19 in dubai report 4125173
IPL 2020 से पहले कोरोना पॉजिटिव हुए CSK के तेज गेंदबाज दीपक चाहर: रिपोर्ट
इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का पहला मैच 19 सितंबर को चेन्नई और मुंबई टीमों के बीच खेला जाना है।
Published On Aug 29, 2020, 09:55 AM IST
Last UpdatedAug 29, 2020, 09:55 AM IST
रिपोर्ट के मुताबिक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के 13वें सीजन के लिए दुबई पहुंची चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) कोरोना वायरस टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार शाम को आई खबर के मुताबिक सीएसके के कई स्टाफ सदस्यों को कोविड-19 परीक्षण में पॉजिटिव पाया गया था।
जिसके बाद इस फ्रेंचाइजी को एक और हफ्ते तक क्वारेंटीन में रहना होगा। फ्रेंचाइजी ने अभी कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है लेकिन लीग के एक सूत्र ने बताया कि पॉजिटिव मामलों की संख्या 10 से 12 के बीच है।
लीग से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि कोविड-19 के सभी पॉजिटिव जांच के नतीजे टीम के दुबई पहुंचने के पहले, तीसरे और छठें दिन आए। आईपीएल का आगामी सीजन 19 सितंबर से शुरू होगा।
आईपीएल के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘हां, हाल ही में भारत के लिए लिए खेलने वाला दाएं हाथ के मध्यम गति के एक तेज गेंदबाज के अलावा फ्रेंचाइजी के कुछ सहयोगी सदस्य कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आये हैं। ये आंकड़ा 12 तक हो सकता है। जहाँ तक हमें पता चला हैं, सीएसके मैनेजमेंट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नी के अलावा फ्रेंचाइजी की सोशल मीडिया टीम के कम से कम दो सदस्य भी कोरोना वायरस की चपेट में है।’’
इस घटना के बाद महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम के क्वारेंटीन की तारीख को एक सितंबर तक बढ़ा दिया। इस घटना के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड में दहशत है लेकिन समझा जाता है कि फिलहाल लीग को कोई खतरा नहीं है जो कोरोना महामारी के कारण यूएई में आयोजित की जा रही है।
आईपीएल के पिछले दो साल के कार्यक्रम को देखे तो पहला मुकाबला बीते साल फाइनल खेलने वाली टीमों के बीच होता है, जिसके मुताबिक इस साल लीग का पहला मुकाबला सीएसके और चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच होगा। ये हालांकि अभी साफ नहीं है कि सीएसके के 19 सितंबर का होने वाले पहले मैच के लिए तैयार होगा या नहीं।
लीग के सूत्र ने कहा, ‘‘चेन्नई में वे सभी कोविड-19 के आरटी-पीसीआर परीक्षण में निगेटिव आए थे। अगर वो पॉजिटिव होते तो वे वहां से यूएई के लिए रवाना नहीं होते।’’
ये समझा जा रहा है कि टीम एक सितंबर से भी अभ्यास शुरू नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि टीम एक सितंबर से अभ्यास शुरू कर पायेगी। उन्हें शिविर शुरू करने में कम से कम पांच सितंबर का समय लगेगा।’’
अभी यह पता नहीं चल सका है कि बीसीसीआई खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों के नाम के साथ आधिकारिक बयान जारी करेगा या नहीं।