IPL 2020 : सुरेश रैना की जगह इंग्लैंड के डेविड मलान को टीम में शामिल कर सकती है CSK
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना निजी कारणों की वजह से सीएसके टीम को छोड़कर भारत लौट आए हैं।
Published On Sep 11, 2020, 11:20 AM IST
Last UpdatedSep 11, 2020, 11:20 AM IST
महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) सीनियर बल्लेबाज सुरेश रैना (Suresh Raina) के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) का 13वां सीजन छोड़कर भारत लौटने के बाद अब उनका विकल्प ढूंढने में लगी है। रैना के लौटने के बाद सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन ने बयान दिया का कि टीम रैना के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं करेगी लेकिन अब खबर है कि इंग्लिश बल्लेबाज डेविड मलान (Dawid Malan) सीएसके स्क्वाड में रैना की जगह ले सकते हैं।
इनसाइड स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार सीएसके टीम हाल ही में आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बने मलान को 13वें सीजन के लिए अपने स्क्वाड में रैना के विकल्प के तौर पर शामिल करना चाहती है। 33 साल के इस इंग्लिश बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 138.70 की स्ट्राइक रेट से 129 रन बनाए थे।
टीम से जुड़े सूत्र ने कहा, “ये केवल चर्चाएं हैं, कुछ भी निश्चित नहीं हुआ है। मलान प्रतिष्ठित टी20 खिलाड़ी हैं। वो रैना की तरह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अभी तक तय नहीं किया कि वो रैना के विकल्प का ऐलान करेंगे या नहीं।”
अगर मलान रैना की जगह सीएसके टीम में शामिल होते हैं तो टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ी परेशानी होगी विदेशी खिलाड़ियों की संख्या निश्चित करना। आईपीएल नियम के अनुसार सभी टीमों में 8-8 विदेशी खिलाड़ी होने चाहिए। चेन्नई फ्रेंचाइजी में पहले से ही आठ विदेशी खिलाड़ी हैं, ऐसे में अगर मलान को स्क्वाड में शामिल किया जाता है तो किसी एक विदेशी खिलाड़ी को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है।
सीएसके के आठ विदेशी खिलाड़ी हैं- शेन वाटसन, फाफ डु प्लेसी, इमरान ताहिर, ड्वेन ब्रावो, मिशेल सैंटनर, लुंगी एनगिडी, सैम कर्रन और जॉश हेजलवुड।