DC vs MI: Amit Mishra की चौकड़ी से चकराई मुंबई, सिर्फ 137 रनों पर खत्म हुई पारी
दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी गेंदबाज अमित मिश्रा ने 4 विकेट लेकर मुंबई इंडियंस के रनों पर लगाम लगा दी.
Published On Apr 20, 2021, 09:49 PM IST
Last UpdatedApr 20, 2021, 09:49 PM IST
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के अनुभवी लेग स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा (Amit Mishra) ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से यह बता दिया है कि आखिर इस लीग में उनका बोलबाला क्यों है. दिल्ली की टीम आज चेन्नई के मैदान पर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेलने उतरी है. लेकिन अमित मिश्रा की फिरकी के सामने वह पूरी तरह मजबूर नजर आई और अपनी पारी में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 137 रन ही बना पाई. अमित मिश्रा ने इस मैच 4 विकेट लेकर अपनी फिरकी का एक बार फिर लोहा मनवा दिया.
गुच्छों में विकेट झटकने में माहिर इस लेग स्पिनर को आज जैसे ही चेन्नई की पिच पर खेलने का मौका मिला तो उन्होंने यह बताने में देर नहीं लगाई की आखिर क्यों वह इस लीग के सबसे कामयाब गेंदबाजों में से एक हैं. उन्होंने सबसे पहले अपने एक ही ओवर में रोहित शर्मा (44) और हार्दिक पांड्या (0) को पवेलियन भेजा. इसके बाद कीरोन पोलार्ड (2) और ईशान किशन (26) को पवेलियन की राह दिखाई.
अपने 4 ओवर की बॉलिंग में मिश्रा जी ने सिर्फ 24 रन देकर यह 4 बहुमूल्य विकेट अपने नाम किए. यानी मुंबई के खेमे के चारों से महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को अपनी फिरकी का शिकार बनाकर मुंबई की रनों की रफ्तार पर रोक लगा दी. आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में नंबर 2 इस 38 वर्षीय गेंदबाज ने आईपीएल में 4 विकेट लेने का यह कारनामा चौथी बार दोहराया है.
इससे पहले अमित मिश्रा ने तीन बार और एक मैच में 4 विकेट लेने का कारनामा किया है. उन्होंने सबसे पहले सीजन 2011 में पहली बार इस लीग में 4 विकेट दर्ज किए थे. इसके बाद साल 2013 और साल 2016 में भी यह प्रदर्शन दोहराया था. मिश्रा अपने आईपीएल करियर में अभी तक एक ही बार 5 विकट झटक पाए हैं. उन्होंने आईपीएल की शुरुआती साल में 5 विकेट लेने का यह कारनाम अपने नाम किया था.