इंग्लैंड का बांग्लादेश का दौरा स्थगित, अब IPL के दूसरे फेस में खेलेंग इंग्लिश खिलाड़ी
इंग्लिश खिलाड़ियों के IPL में उपलब्ध होने की खबर से सबसे ज्यादा राहत KKR को होगी. क्योंकि उसके कप्तान इयोन मॉर्गन जो हैं.
Published On Aug 12, 2021, 10:42 PM IST
Last UpdatedAug 12, 2021, 10:42 PM IST
आईपीएल में इंग्लैंड क्रिकेटरों के फैन्स के लिए अच्छी खबर है. इंग्लैंड के खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के दूसरे चरण में हिस्सा लेंगे. आईपीएल का दूसरा चरण 19 सितंबर से यूएई में आयोजित होगा. लेकिन पहले इस दौरान इंग्लैंड को सीमित ओवरों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करना था, जो अब मार्च 2023 तक स्थगित हो गया है. इससे इंग्लिश खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का रास्ता भी साफ हो गया है. ईसीबी (ECB) ने गुरुवार को इसके साफ संकेत दिए हैं कि अब इंग्लिश खिलाड़ी आईपीएल के दूसरे चरण में उपलब्ध हो सकते हैं.
ईसीबी साथ ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से क्रिकेटरों को एशेज के दौरान परिवारों को साथ रखने की चर्चा की उम्मीद कर रहा है. ईसीबी के मुख्य कार्यकारी टॉम हैरिसन ने कहा, ‘ आईपीएल के सम्मान को देखते हुए हम हमारे खिलाड़ियों के साथ चर्चा कर रहे हैं. बांग्लादेश दौरे के स्थगित होने से खिलाड़ियों के आईपीएल में उपलब्ध होने का अवसर होगा.’
दरअसल आईपीएल के बाद यूएई में ही टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) का आोयजन होना है. इंग्लैंड के खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने के लिए आईपीएल का अनुभव खासा काम आएगा. हालांकि इंग्लैंड को इस साल के अंत में बहुप्रतीक्षित एशेज (Ashes 2021-22) सीरीज के लिए खिलाड़ियों के तरो-ताजा बने रहने की भी चिंता है.
टॉम हैरिसन ने कहा, ‘खिलाड़ियों को अपने व्यस्त कार्यक्रम के चलते अपने शेड्यूल को मैनेज करना पड़ रहा है. यह चर्चाएं जारी हैं. लेकिन कोई भी फैसला खिलाड़ियों से बात करने के बाद ही लिया जाएगा.’
इंग्लिश खिलाड़ियों के उपलब्ध होने की खबर से सबसे ज्यादा राहत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे को होगी. केकेआर की कप्तान इंग्लिश कप्तान इयोन मॉर्गन के हाथ में है. अगर वह उपलब्ध नहीं होते यह देखने वाली बात होती कि क्या केकेआर एक बार फिर दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) को ही कप्तानी सौंपता या फिर किसी और खिलाड़ी को इस भूमिका के लिए चुनता.
इंग्लैंड को तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए सितंबर-अक्टूबर में बांग्लादेश का दौरा करना है था अब मार्च 2023 तक स्थगित हो गया है. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों के लिए आईपीएल में खेलने का रास्ता खुल गया है. हैरिसन ने साथ ही पुष्टि की है कि वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ चर्चा कर रहा है.
(इनपुट: एजेंसी)