- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ipl 2021 kuldeep yadav returns from uae after knee injury may be out of domestic season 4985296
IPL 2021: घुटने की चोट के बाद यूएई से लौटे कुलदीप यादव; घरेलू सीजन से हो सकते हैं बाहर
26 साल के भारतीय रिस्ट स्पिनर आखिरी बार टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे पर ब्लू जर्सी में नजर आए थे।
Published On Sep 27, 2021, 04:05 PM IST
Last UpdatedSep 27, 2021, 04:05 PM IST
बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) घुटने में गंभीर चोट लगने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) का 14वां सीजन बीच में छोड़कर यूएई से भारत लौट आए हैं। माना जा रहा है कि यादव भारतीय टीम के आगामी घरेलू सीजन से भी बाहर हो सकते हैं, जहां टीम इंडिया को श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलनी है।
आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलने वाले कुलदीप भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी से पहले उन्हें लंबी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
आईपीएल टीमों से जुड़े मामलों को देखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘हां, हमें सूचना मिली है कि यूएई में अभ्यास सत्र के दौरान कुलदीप को घुटने में गंभीर चोट लगी है। संभवत: क्षेत्ररक्षण के दौरान उसका घुटना मुड़ गया और उस समय चोट गंभीर थी। कोई संभावना नहीं थी कि वह आईपीएल में आगे हिस्सा ले पाएगा और इसलिए उसे भारत वापस भेज दिया गया।’’
पता चला है कि कुलदीप की हाल में मुंबई में सर्जरी हुई और उसे वापसी से पहले चार से छह महीने का समय लग सकता है। मामले की जानकारी रखने वाले एक अन्य सूत्र ने बताया, ‘‘घुटने की चोट आम तौर पर गंभीर होती हैं। सबसे पहले काम शुरू करना, एनसीए में फिजियोथेरेपी सत्र के साथ मजबूती हासिल करना, इसके बाद हल्का अभ्यास और फिर नेट सत्र, यह पूरी प्रक्रिया काफी लंबी है। निश्चित तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि रणजी ट्रॉफी खत्म होने से पहले वह मैच खेलने के लिए तैयार हो जाएगा।’’
ट्विटर पर कुलदीप ने अपनी और नाइट राइडर्स के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की तस्वीर पोस्ट की है जिनका सोमवार को जन्मदिन है। सूत्र ने कहा, ‘‘यह पुरानी तस्वीर होगी। कुलदीप भारत वापस आ चुका है। अगर मैं गलत नहीं हूं तो उसकी सर्जरी हो चुकी है।’’
सिडनी में पांच विकेट हासिल करने के बाद पिछले दो साल कुलदीप के लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे। तब मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उन्हें विदेशी हालात में भारत का नंबर एक स्पिनर करार दिया था।
आईपीएल 2019 से चीजें काफी बदल गई जब कुलदीप की फॉर्म में गिरावट आई। स्पिन की अनुकूल पिचों पर भी भारतीय टीम प्रबंधन को उनकी क्षमता पर भरोसा नहीं रहा और उनके मुख्य टीम में होने के बावजूद स्टैंडबाई खिलाड़ियों में मौजूद बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को खिलाया गया।
कानपुर के 26 साल के कुलदीप ने भारत के लिए सात टेस्ट, 65 एक दिवसीय और 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 174 विकेट चटकाए हैं। वो भारत के लिए पिछली बार श्रीलंका दौरे पर खेले थे। उन्होंने एक दिवसीय मैच में 48 रन देकर दो जबकि टी20 मैच में 30 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्होंने एक वनडे और एक टी20 और खेला लेकिन इनमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।