This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
IPL 2021, RCB vs KKR: पहले बल्ले फिर गेंद से सुनील नरेन ने किया कमाल; RCB को हरा क्वालिफायर में पहुंची KKR
आईपीएल 2021 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 4 विकेट से हराकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दूसरे क्वालिफायर में जगह बनाई।
Written by India.com Staff
Last Published on - October 11, 2021 11:12 PM IST

पहले गेंदबाजी और फिर बल्लेबाजी में सुनील नरेन (Sunil Narine) के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को एलिमिनेटर मैच में 4 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के 14वें सीजन के दूसरे क्वालिफायर में जगह पक्की कर ली है। कोलकाता के लिए नरेन ने 4 ओवर में 4 विकेट लेने के बाद 15 गेंदो पर 26 रनो की धमाकेदार पारी भी खेली।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में आरसीबी के दिए 140 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर टीम को युवा सलामी जोड़ी- शुबमन गिल और वेंकटेश अय्यर ने ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी बनाई।
बैंगलोर को पहली सफलता पावरप्ले के आखिरी ओवर में मिली। छठें ओवर में हर्षल पटेल की दूसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गिल बाउंड्री पर एबी डिविलियर्स के हाथों कैच आउट हुए। गिल ने 18 गेंदो पर चार चौकों की मदद से 29 रन की पारी खेली।
सातवें ओवर में कोलकाता को दूसरा झटका स्पिन युजवेंद्र चहल ने दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर नए बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी चहल की गुगली पर बीट होकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। हालांकि फील्ड अंपायर ने त्रिपाठी को नॉट आउट करार दिया था लेकिन कप्तान विराट कोहली ने डीआरएस का इस्तेमाल कर अंपायर का फैसला पलटा।
53 रन पर दो विकेट गिरने के बाद अय्यर ने नितीश राणा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि ये साझेदारी ज्यादा लंबी नहीं चली और 11वें ओवर में हर्षल पटेल ने अय्यर को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच आउट करा आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई।
सेट बल्लेबाज अय्यर के पवेलियन लौटने के बाद बैंगलोर की मुश्किलें कम होने की बजाय और भी बढ़ गईं, जब क्रीज पर आए सुनील नरेन ने पहली ही गेंद से बढ़े शॉट लगाना शुरू कर दिया। 12वें ओवर में अटैक में आए डैन क्रिस्टियन के ओवर में नरेर ने तीन शानदार छक्के जड़े।
नरेन ने राणा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 31 रन जोड़े और कोलकाता का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। हालांकि जीत के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद 15वें ओवर में राणा बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में चहल की गेंद पर डिविलियर्स के हाथों कैच आउट हुए। राणा ने 30 गेंदो पर एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए।
110 रन पर चार विकेट गिरने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक क्रीज पर आए। 18वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने नरेन को बोल्ड कर बैंगलोर को पांचवीं सफलता दिलाई। नरेन ने 15 गेंदो पर तीन छक्कों की मदद से 26 रनों की पारी खेली।
नरेन के आउट होने के बाद इसी ओवर में कार्तिक मात्र 10 रन बनाकर सिराज की चौथी गेंद पर भरत के हाथों कैच आउट हुए। हालांकि फील्ड अंपायर ने एक बार फिर फैसला कोलकाता के पक्ष में दिया लेकिन तीसरे अंपायर ने इसे पलट दिया। लेकिन कार्तिक तीसरे अंपायर के आउट का इशारा करने से पहले ही डगआउट में लौट चुके थे।
18 ओवर के बाद कोलकाता ने 127 रन पर 6 विकेट खो दिए थे और जीत के लिए 12 गेंदो पर 12 रनों की जरूरत थी। 19वां ओवर डालने आए जॉर्ज गार्टन और किफायती ओवर में मात्र 5 रन दिए।
आखिरी ओवर में 7 रन बचाने का जिम्मा कोहली ने डैन क्रिस्चियन को दिया लेकिन पहली ही गेंद पर चौका लगाकर शाकिब अल हसन ने बैंगलोर की जीत की उम्मीदों को तोड़ा। अगली तीन गेंदो पर तीन रन लेकर शाकिब और कप्तान इयोन मोर्गन ने कोलकाता को 4 विकेट से जीत दिलाई।
