×

IPL 2022: गुजरात टाइटन्स से हारी दिल्ली कैपिटल्स, कप्तान पंत बोले- हमारे बल्लेबाजों की गलती

दिल्ली ने यहां टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था लेकिन उसकी लचर बल्लेबाजी ने इसे गलत साबित कर दिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - April 3, 2022 12:56 AM IST

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) में शनिवार को यहां गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 14 रन की हार का ठीकरा बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ते हुए कहा कि पिच को देखते हुए लक्ष्य को हासिल किया जा सकता था. टाइटंस के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम फर्ग्युसन (4/28) और मोहम्मद शमी (2/30) की धारदार गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 157 रन ही बना सकी. दिल्ली की ओर से पंत ने सर्वाधिक 43 रन बनाए.

टाइटंस ने इससे पहले गिल की 46 गेंद में चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 84 रन की पारी से छह विकेट पर 171 रन बनाए. मुस्ताफिजुर रहमान (3/23) और खलील अहमद (2/34) ने हालांकि गुजरात की टीम को अंतिम ओवरों में तेजी से रन नहीं बनाने दिए.

पंत ने स्वीकार किया कि इस लक्ष्य को हासिल किया जाना चाहिए था. पंत ने मैच के बाद कहा, ‘विकेट को देखते हुए स्कोर काफी बड़ा नहीं था. हम बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे, विशेषकर बीच के ओवरों में. इतने विकेट गंवाने के बाद मैच में वापसी करना मुश्किल होता है.’

TRENDING NOW

उन्होंने कहा, ‘जब आपकी टीम हारती है तो दिल टूट जाता है लेकिन हम अगले मैच में सुधार कर सकते हैं. दिल्ली ने यहां टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था लेकिन उसकी लचर बल्लेबाजी ने इसे गलत साबित कर दिया. दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 157 रन ही बना पाई.