- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ipl 2022 i can do better if someone gives me that confidence and shows faith in me says sarfaraz khan 5283662
अगर कोई मुझ पर भरोसा दिखाए तो मैं और बेहतर प्रदर्शन कर सकता हूं: सरफराज खान
सरफराज खान 137.75 के धमाकेदार औसत से 551 रन बनाकर मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं
Published On Mar 12, 2022, 04:12 PM IST
Last UpdatedMar 12, 2022, 04:12 PM IST
भारत के युवा खिलाड़ियों के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) में खेलना एक बड़ा सपना होता है और सरफराज खान (Sarfaraz Khan) उनमें से अलग नहीं हैं. साल 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ अपना आईपीएल करियर शुरू करने वाले सरफराज अभी तक इस वैश्विक टी20 लीग में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं.
24 साल के सरफराज मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. 137.75 के धमाकेदार औसत से 551 रन बनाकर सरफराज टूर्नामेंट में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. अब सरफराज की इच्छा इस प्रदर्शन को आईपीएल के 15वें सीजन में दोहराने की है.
पंजाब किंग्स से रिलीज किए जाने के बाद आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने सरफराज को खरीदा है. युवा भारतीय खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाने के लिए मशहूर दिल्ली टीम में आने के बाद सरफराज को बेहतर सीजन की उम्मीद है.
24 साल के खिलाड़ी ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए बयान में कहा, “मैं बेहतर कर सकता हूं अगर कोई मुझे वो आत्मविश्वास देता है और मुझ पर विश्वास करता है. ये वही (हालात) है जब किसी ने नहीं सोचा था कि मैं रेड बॉल क्रिकेट खेल सकता हूं, लेकिन मुझे पता था कि अगर मुझे मौका मिला तो मैं कर सकता हूं, क्योंकि मैं अपने रेड बॉल क्रिकेट पर चार-पांच साल से काम कर रहा था. इसी तरह, वो दिन आएगा जब मैं आईपीएल में भी स्कोर करूंगा.”
सरफराज ने ये भी कहा कि उन्हें अपने खेल पर हर तरह की राय मिलती है लेकिन उनके पिता ने उनसे एक बार कहा था कि उन्हें सिर्फ उनकी बात सुननी चाहिए.
उन्होंने कहा, “मैं क्या पूछूं? क्या मुझे किसी ऐसे व्यक्ति से पूछना चाहिए जो मुझे बचपन से जानता हो या जिसने मुझे दो दिनों से देखा हो? मैं ज्यादा नहीं पूछता क्योंकि मैं नहीं चाहता कि ये मेरे दिमाग में चले अगर कोई मुझे ये या वो करने के लिए कहता है. कोई है जो मुझे इस दुनिया में लाया… एक फैमिली डॉक्टर ही आपको बता सकता है कि समस्या क्या है. जब मैं 10 या 12 साल का था, तो पिताजी मुझसे कहते थे: ‘सबकी सुनो लेकिन जैसा मैं कहता हूं वैसा ही करो.’ मैं केवल उनकी सुनता हूं.”