- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ipl 2022 players dont always want to come back to underperforming teams like rajasthan royals punjab kings daniel vettori 5121735
लगातार खराब प्रदर्शन करने वाली राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स जैसी टीमों में वापस नहीं आना चाहते खिलाड़ी: विटोरी
राजस्थान ने आईपीएल 2022 के लिए कप्तान संजू सैमसन (14 करोड़ रुपये), विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉस बटलर (10 करोड़ रुपये) और अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल (4 करोड़ रुपये) को रीटेन किया है।
Published On Dec 03, 2021, 01:09 PM IST
Last UpdatedDec 03, 2021, 01:09 PM IST
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी (Daniel Vettori) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की नीलामी से पहले कहा कि कई खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) जैसी टीमों में वापस जाने से कतरा रहे हैं चूंकि ये फ्रेंचाइजी लगातार खराब प्रदर्शन करती आई हैं।
ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में विटोरी ने कहा, “राजस्थान और किंग्स जैसी फ्रैंचाइज़ी जो खराब प्रदर्शन कर रही हैं और लगातार प्लेऑफ से बाहर रही हैं, वहां खिलाड़ी हमेशा वापस नहीं आना चाहते हैं। वो मौकों का पता लगाना चाहते हैं और संभावित रूप से एक विनिंग फ्रेंचाइज़ी में जाना चाहते हैं।”
विटोरी ने स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) के राजस्थान रॉयल्स (RR) में ना लौटने को उदाहरण की तरह लिया। उन्होंने कहा, “इसलिए स्टोक्स जैसा कोई खिलाड़ी जो राजस्थान की योजनाओं में भले ही रहा हो, लेकिन एक नई चुनौती, एक नया दृश्य और एक ऐसी टीम में जाने का मौका चाहते थे जिसने अतीत में अच्छा प्रदर्शन किया हो।”
राजस्थान ने आईपीएल 2022 के लिए तीन बल्लेबाजों को रीटेन किया है – कप्तान संजू सैमसन (14 करोड़ रुपये), विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉस बटलर (10 करोड़ रुपये) और अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल (4 करोड़ रुपये)।
स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) जैसे खिलाड़ियों को रिटेन नहीं करने के पीछे के कारण के बारे में बताते हुए विटोरी ने बताया कि राजस्थान ने इन दो खिलाड़ियों के साथ आगे नहीं बढ़ने का फैसला “चोट और वर्कलोड” को ध्यान में रखकर लिया होगा।
उन्होंने कहा, “दूसरा कारण सिर्फ उसकी चोट और काम के बोझ की चिंता है। वो (स्टोक्स) और आर्चर इतना क्रिकेट खेलते हैं, वो पूरे सीज़न के लिए कैसे उपलब्ध रहेंगे और हमने अतीत में देखा है कि वो रहे भी नहीं हैं इसलिए मुझे यकीन है कि ये चीजें भी भूमिका निभाती हैं।”