×

IPL 2022 retention: पठान ने कहा- विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल के साथ युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज को रीटेन करेगी RCB

विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - November 30, 2021 10:49 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के 15वें सीजन की रीटेंशन प्रक्रिया से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान (Irfan Pathan) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए अपने पसंदीदा खिलाड़ी चुने हैं। पठान के मुताबिक आरसीबी टीम विराट कोहली (Virat Kohli), ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell), युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) के साथ मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को रीटेन करेगी।

हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि नीलामी के दौरान बैंगलोर फ्रेंचाइजी को कप्तान की तलाश होगी चूंकि विराट कोहली (Virat Kohli) ने 14वें सीजन के बाद टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। वहीं टीम के सीनियर बल्लेबाज एबी डीविलियर्स (AB de Villiers) ने भी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।

पठान ने कहा, “जाहिर है, जब नीलामी की बात आती है, तो वे एक लीडर की तलाश में होंगे, ये बात तय है। मुझे लगता है कि जिन खिलाड़ियों को वो रिटेन करेंगे, वो हैं- विराट कोहली नंबर एक, मैक्सवेल नंबर दो।”

अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को चुनने के बारे में उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जिन लोगों को मैं (रीटेन होते) देखना चाहता हूं, उन्हें चुनना थोड़ा मुश्किल है क्योंकि आपके पास देवदत्त पद्दीकल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज और साथ ही हर्षल पटेल जैसे लोग हैं, जो उनके लिए पर्पल पटेल रहे हैं, इसलिए वो लगातार प्रदर्शन करने वाला रहा है।”

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “इसलिए उन चारों में से, मैं चहल के साथ साथ सिराज के साथ जाउंगा क्योंकि वो अलग अलग गेंदबाजी स्किल्स लाते हैं। वो आपको नई गेंद दे सकते हैं और उसी के साथ वो आपको यॉर्कर भी दे सकते हैं।”

पठान ने आगे कहा, “हां, हर्षल पटेल को भी काफी प्वाइंट मिलेंगे लेकिन अगर आरसीबी को लगता है कि वो चिन्नास्वामी स्टेडियम में वो लगातार वैसा ही प्रदर्शन कर सकता है तो फिर उसे सिराज की जगह लिया जा सकता है। वो शायद हर्षल पटेल के लिए जाएंगे।”