भारत में ही खेला जाएगा आईपीएल का 15वां सीजन: BCCI सेक्रेटरी जय शाह
आईपीएल के 14वें सीजन का पहला हिस्सा भारत में और दूसरा यूएई में आयोजित किया गया था।
Published On Nov 20, 2021, 07:44 PM IST
Last UpdatedNov 20, 2021, 07:44 PM IST
बीसीसीआई (BCCI) के अध्यक्ष जय शाह (Jay Shah) ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) का अगला सीजन भारत में ही आयोजित किया जाएगा। बता दें कि कोविड संक्रमण की वजह से आईपीएल के 14वें सीजन का पहला हिस्सा भारत में और दूसरा यूएई में आयोजित किया गया था।
14वें सीजन की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम की जीत के जश्न के कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा, “मुझे पता है कि आप सभी चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में देखने का इंतजार कर रहे हैं। वो पल ज्यादा दूर नहीं हैं, आईपीएल का 15वां सीजन भारत में ही खेला जाएगा और नई टीमों के आने से ये और भी उत्साहित करने वाला होगा। हमारे सामने मेगा ऑक्शन है जहां हम देखेंगे कि नए कॉम्बिनेशन कैसे होंगे।”
कार्यक्रम के दौरान सीएसके की सफलता के बारे में बात करते हुए शाह ने कहा, “इतने सालों में सीएसके को मिली सफलता का श्रेय एन श्रीनिवासन को जाता है क्योंकि वो मुश्किल समय में भी टीम के साथ खड़े रहे थे। मैं ये कहना चाहूंगा कि कासी विश्वनाथन इस टीम को जोड़कर रखने वाली कड़ी हैं। सीजन दर सीजन उन्होंने टीम को रास्ता दिखाया है।”
उन्होंने कहा, “एमएस धोनी जैसे कप्तान के होते हुए कोई सीएसके को हल्के में कैसे ले सकता है। धोनी सीएसके के दिल की धड़कर और रीढ़ की हड्डी हैं। माही भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने जो कड़ी बनाई है और विरासत तैयार की वो सदियों तक बनी रहेगी।”