RR VS GT: राजस्थान से हार का बदला लेने उतरेगी हार्दिक की टीम, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, संभावित-11

हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली यह टीम कम स्कोर वाले अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से पांच रन से हार गयी थी. टीम 12 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर है जबकि राजस्थान 10 अंक के साथ चौथे स्थान पर काबिज है

Edited By : Press Trust of India |May 05, 2023, 10:14 AM IST

Published On May 05, 2023, 10:14 AM IST

Last UpdatedMay 05, 2023, 10:14 AM IST

RR VS GT

RR VS GT (Photo-IPL T20.Com)

जयपुर. इंडियन प्रीमियर लीग की तालिका में शीर्ष पर काबिज गुजरात टाइटंस की टीम आज जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान में उतरेगी तो उसे अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. गुजरात टाइटंस की कोशिश हार का बदला लेने की भी होगी, इस सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में राजस्थान ने गुजरात को तीन विकेट से हराया था.

हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली यह टीम कम स्कोर वाले अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से पांच रन से हार गयी थी. टीम 12 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर है जबकि राजस्थान 10 अंक के साथ चौथे स्थान पर काबिज है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

संजू सैमसन की अगुवाई वाले राजस्थान रॉयल्स में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है लेकिन टीम लगातार जीत दर्ज करने में विफल रही है। पिछले छह मैचों में टीम तीन मुकाबलों में जीती है जबकि तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है. राजस्थान रॉयल्स के साथ समस्या गेंदबाजी में अधिक है. टीम पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ 212 रन के बड़े लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रही थी.

तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, ऑलराउंडर जेसन होल्डर, स्पिनर युजवेंद्र चहल और कुलदीप सेन ने उस मैच में खूब रन लुटाए थे। उन्हें शुक्रवार को घरेलू मैदान में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. रॉयल्स को इस बात से थोड़ी राहत मिल सकती है कि सत्र की शुरुआत में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की थी.

राजस्थान की बल्लेबाजी काफी मजबूत है, पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले युवा यशस्वी जायसवाल के अलावा जोस बटलर, संजू सैमसन और शिमरोन हेटमेयर की तिकड़ी अपने दम पर किसी भी मैच का पासा पलट सकती है. इस बल्लेबाजी इकाई को हालांकि मोहम्मद शमी और राशिद खान के नेतृत्व वाले गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ सतर्क रहना होगा.

राजस्थान की टीम अगर इस मैच को जीतती है तो टीम बेहतर नेट रनरेट (+0.800) के कारण तालिका में शीर्ष पर पहुंच जायेगी. दूसरी ओर टाइटंस के बल्लेबाजों को दिल्ली के खिलाफ लचर प्रदर्शन को पीछे छोड़ना होगा, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार लय में चल रहे शुभमन गिल और डेविड मिलर के विफल होने से टीम 130 रन के लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही. कप्तान पंड्या ने अर्धशतक लगाकर टीम को आखिर तक मैच में बनाये रखा लेकिन उनकी और राहुल तेवतिया की तेज तर्रार पारी टीम के लिए काफी साबित नहीं हुई थी.

टीम की गेंदबाजी हालांकि काफी मजबूत है जहां मोहम्मद शमी शानदार लय में है, स्पिन विभाग में राशिद और अफगानिस्तान के एक अन्य खिलाड़ी नूर अहमद शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.

हेड टू हेड रिकॉर्ड्स:

गुजरात और राजस्थान के बीच आईपीएल में अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें तीन मैच में गुजरात को जीत मिली है, जबकि एक मैच में राजस्थान जीता है.

संभावित प्लेइंग-11:

राजस्थान:

जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन, शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, जेसन होल्डर, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा

गुजरात:

ऋद्धिमान साहा, शुभमन गिल, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, जोशुआ लिटिल, मोहम्मद शमी

मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा.

इनपुट- पीटीआई भाषा

Editor's Pick