IPL 2024: सबने उड़ाया था मजाक, KKR को चैंपियन बनाने के बाद स्टार्क का ट्रोलर्स को करारा जवाब
IPL 2024 में मिचेल स्टार्क ने 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.61 का रहा. स्टार्क अब T20 वर्ल्ड कप में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे.
Published On May 27, 2024, 11:03 AM IST
Last UpdatedMay 27, 2024, 11:03 AM IST
PIC- @IPL
चेन्नई। कुछ दिन पहले तक सोशल मीडिया पर मिचेल स्टार्क का जमकर मजाक बन रहा था. मिचेल स्टार्क को IPL ऑक्शन में 24.75 करोड़ रुपये में KKR ने खरीदा था और जब सीजन के शुरुआती मैचों में भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की धुनाई करते नजर आए तो फैंस ने जमकर मजे लिए. एक से बढ़कर एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें दर्शाया गया कि स्टॉर्क कैसे KKR के लिए घाटे का सौदा साबित हुए. हालांकि सोशल मीडिया पर मजाक बनाना वाले भूल गए कि स्टार्क बड़े मैचों के खिलाड़ी है और IPL की नीलामी में उन पर इतनी बड़ी रकम इसीलिए लगी थी.
कुछ मैच बीते और फिर स्टार्क ने वो कर दिखाया जिसके लिए उन्हें जाना जाता है. IPL में आठ साल बाद वापसी करने वाले स्टार्क ने शुरुआती 9 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिये थे. उन्होंने वानखेडे मैदान पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच अपनी प्रतिभा की झलक दिखायी और फिर प्लेऑफ तथा फाइनल में अपनी गेंदबाजी से टीम को चैम्पियन बनने में अहम योगदान दिया. KKR के लिए पिछले दोनों मैचों में स्टार्क ने पावरप्ले में गेंद से कहर बरपाया और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया. अपनी टीम को चैंपियन बनाने के बाद मिचेल स्टार्क ने उन सभी लोगों को करारा जवाब दिया जो कुछ दिन पहले तक उनका मजाक उड़ा रहे थे.
KKR की जीत में हर किसी का योगदान
KKR के IPL चैंपियन बनने के बाद मिचेल स्टार्क अपनी टीम की जमकर तारीफ की. स्टार्क ने कहा, “केकेआर के लिए शानदार रात. IPL की शुरुआत से लेकर अब तक यह एक शानदार जर्नी रही. यह पूरा सीजन कमाल का रहा. शायद दो सबसे अच्छी टीमें टूर्नामेंट के फाइनल में थी. हमारी टीम कमाल की थी और पूरे टूर्नामेंट में हमने कमाल का प्रदर्शन किया. हमारे पास गेंदबाजों और बल्लेबाजों की एक शानदार टीम है, हमारा स्टाफ टूर्नामेंट के अंत तक सभी को शिखर पर पहुंचाने में कामयाब रहा. हम एक निरंतर टीम रहे, हमारे पास एक या दो लोग नहीं हैं, इस जीत में हर किसी का योगदान रहा है. व्यक्तिगत रूप से योगदान देना बहुत अच्छा है, लेकिन सच बात यह है कि हर किसी ने योगदान दिया.”
उन्होंने कहा, “हम टॉस हार गए और हमें पहले गेंद का इस्तेमाल करने का मौका मिला. हमें नहीं पता था कि पिच कैसा बिहेव करने वाली है लेकिन हमारी गेंदबाज़ी यूनिट ने कमाल का प्रदर्शन किया. मुझे जो रकम मिली थी, उसका काफी मजाक बनाया गया. हालांकि मैं काफी अनुभवी हो चुका हूं. इसी कारण से मुझे अपनी टीम के पेस अटैक की अगुवाई करने में मदद मिली. हमारे पास खिलाड़ियों और स्टाफ की शानदार टीम है. बहुत मजा आया. रोमांचक गेंदबाजी आक्रमण. हमारे पास ऐसे लोग हैं जो लंबे समय से केकेआर में हैं. इसका पूरा श्रेय खिलाड़ियों और स्टाफ की पूरी टीम को जाता है.”
बड़े मैच का बड़ा खिलाड़ी
गौरतलब है कि स्टार्क ने इससे पहले भी बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में बड़े बल्लेबाजों के विकेट चटकाए हैं. फिर चाहे वह मेलबर्न में खेले गये 2015 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में बेहद खतरनाक ब्रेंडन मैकुलम का विकेट हो या 2023 वर्ल्ड कप का फाइनल, जहां उन्होंने शुभमन गिल और लोकेश राहुल को चलता कर भारतीय बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया था.
इस आईपीएल में शानदार लय में रहे अभिषेक शर्मा को फाइनल में जिस तरह से स्टार्क ने चलता किया, उससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की झलक मिल गई होगी. स्टार्क ने IPL 2024 के प्लेऑफ में शानदार प्रदर्शन किया और बता दिया कि वर्ल्ड कप या IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में आपको 30 विकेट लेने की ज़रूरत नहीं है, बल्कि दो या तीन महत्वपूर्ण दिनों में अच्छा प्रदर्शन करना होता है. केकेआर ने तय किया कि स्टार्क की कीमत 24.75 करोड़ रुपये है और न्यू साउथ वेल्स के इस खिलाड़ी ने दिखाया कि जब बड़े मौके की बात आती है, तो वह अनमोल है.
IPL 2024 में मिचेल स्टार्क ने 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.61 का रहा. स्टार्क अब T20 वर्ल्ड कप में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे.