IPL 2024: कोलकाता का तूफान, सामने राजस्थान- ईडन गार्डंस पर घमासान मुकाबले के लिए हो जाएं तैयार
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला है. कोलकाता के पास पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने का मौका है.
Published On Apr 16, 2024, 02:11 PM IST
Last UpdatedApr 16, 2024, 02:11 PM IST
कोलकाता: KKR vs RR- राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की टीम मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में यहां जब दो बार के चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से भिड़ेगी तो उसके बल्लेबाजों के सामने ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) पर सुनील नारायण (Sunil Narine) की गेंदबाजी का जवाब ढूंढने की चुनौती होगी.
अगले महीने 36 बरस के होने जा रहे नारायण ने 2012 और 2014 में पूर्व कप्तान गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के नेतृत्व में केकेआर की दो खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
KKR vs RR- गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हैं सुनील नारायण
वर्ष 2012 में नाइट राइडर्स (Knight Riders) का हिस्सा बनने के बाद से नारायण ने ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) पर अपनी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है.
मेंटर के रूप में टीम में गंभीर की वापसी के बाद नारायण ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को खिताब के दावेदारों में शामिल कर दिया है.
जीतकर टॉप पर पहुंच सकता है KKR
तालिका की चोटी दो टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में अगर केकेआर जीत दर्ज करता है तो 10 टीम की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगा.
रविवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स (Lucknow Super Giants) के खिलाफ केकेआर (KKR) की आठ विकेट की जीत में फिल सॉल्ट (Phil Salt) को नाबाद तूफानी अर्धशतक जड़ने के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. लेकिन वह नारायण थे जिनकी किफायती गेंदबाजी के सामने लखनऊ की टीम सात विकेट पर 161 रन ही बना सकी.
RR की बैटिंग को रोकना होगा KKR के लिए चुनौती
मौजूदा सत्र में 155 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले रॉयल्स के संजू सैमसन (Sanju Samson), रियान पराग (Riyan Parag) और शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) जैसे बल्लेबाजों को हालांकि नारायण की चुनौती का हल ढूंढना होगा.
यह देखना होगा कि जोस बटलर इस मुकाबले के लिए फिट हैं या नहीं. वह पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ रॉयल्स (Rajasthan Royals) के पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे.
मौजूदा सत्र में नारायण बल्ले से भी काफी अच्छी फॉर्म में हैं और उन्होंने 183.51 के स्ट्राइक रेट से 33 से अधिक की औसत से रन बनाए हैं.
लय हासिल कर चुके हैं मिशेल स्टार्क
आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने भी सुपरजाइंट्स के खिलाफ पिछले मैच में लय हासिल करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे. इस मैच में मुख्य मुकाबला केकेआर की गेंदबाजी और रॉयल्स की बल्लेबाजी के बीच होगा.
केकेआर की एकमात्र कमजोर कड़ी उसके कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) हैं जो खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और बड़ी पारियां खेलने में विफल रहे हैं.
लखनऊ के खिलाफ 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अय्यर 38 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे थे लेकिन उन्हें तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के खिलाफ परेशानी हुई थी.
KKR vs RR: आंद्रे रसेल भी दिखाते हैं दम
मौजूदा सत्र में केकेआर (KKR) की बल्लेबाजी शीर्ष क्रम में सॉल्ट और नारायण की आक्रामक बल्लेबाजी और डेथ ओवरों में आंद्रे रसेल के तूफानी तेवरों पर निर्भर रही है.
टीम के भारतीय बल्लेबाज मौजूदा सत्र में अब तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं. रिंकू सिंह (Rinku Singh) को काफी मौके नहीं मिले हैं और वह चार पारियों में 63 रन ही बना पाए हैं. उप कप्तान नितीश राणा (Nitish Rana) चोट के कारण नहीं खेल पा रहे.
IPL 2024 : KKR और RR के बीच खेला जाएगा मैच, ये 5 खिलाड़ी मचाएंगे तहलका
ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult), आवेश खान (Avesh Khan), युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) और केशव महाराज (Keshav Maharaj) की मौजूदगी में रॉयल्स का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है. हालांकि यह देखना होगा कि स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) इस मैच के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं.
KKR संभावित Playing XI
फिल साल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, मिशेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा , हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती
RR संभावित Playing XI
यशस्वी जयसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, शिमरॉन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, केशव महाराज, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, अवेश खान, युजवेंद्र चहल