• Home
  • News
  • IPL 2026 DC vs KKR: Delhi Capitals Captain Axar Patel Explained Why Team Lost To Kolkata Knight Riders

IPL 2026: हार पर हार, अक्षर पटेल ने अब किसे ठहराया इसका जिम्मेदार, बोले- यहीं मैच हार गए.

Axar Patel Statement: दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा. दिल्ली की इस सातवीं हार के बाद टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने इस मैच में हार की क्या वजह बताई.

Edited By : Bharat Malhotra |May 09, 2026, 08:48 AM IST

Published On May 09, 2026, 08:48 AM IST

Last UpdatedMay 09, 2026, 08:48 AM IST

Axar Patel talks about delhi vs kkr match

Axar Patel Statement: अक्षर पटेल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में किसे ठहराया हार का जिम्मेदार

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को एक और हार का सामना करना पड़ा. शुक्रवार, 8 मई को घरेलू अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उसे 8 विकेट से हरा दिया. इस हार के बाद कप्तान अक्षर पटेल बेहद निराश दिखे.

पटेल से जब पूछा गया कि आखिर इस हार की बड़ी वजह क्या रहा तो उन्होंने एक बार फिर कम अंतराल पर कई विकेट गंवाने को इसकी वजह बताया. पटेल ने कहा कि दो-तीन ओवरों में पांच विकेट गंवा देना ही हार का कारण रहा. दिल्ली कैपिटल्स ने आठवें ओवर की आखिरी गेंद से लेकर 11वें ओवर तक चार विकेट गंवाए. यहीं से दिल्ली की पारी पटरी से उतर गई.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

दिल्ली कैपिटल्स की यह सीजन में सातवीं हार थी. और इस हार के बाद निराश पटेल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने रन उम्मीद से कम बनाए और साथ ही स्पिनरों ने भी काफी गलतियां कीं. पिच जिस तरह से बर्ताव कर रही थी, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि स्पिनरों ने गलतियां कीं. हालांकि, इसके साथ ही अगर आप ध्यान दें, तो हमने दो-तीन ओवर में पांच विकेट गंवा दिए, और मुझे लगता है कि यहीं से मुकाबला हमारे हाथ से फिसल गया. शायद हमें इस बारे में सोचने की जरूरत है क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ भी यही हुआ था, हमने अच्छी शुरुआत की थी, और फिर अचानक विकेट गिरते रहे.’

अक्षर ने आगे कहा, ‘देखिए, आप इसे मुश्किल तरीके से हल नहीं कर सकते. जब आशुतोष और मैं बैटिंग कर रहे थे, तो हम सोच रहे थे कि अगर हमने वहां कोई गलती की, तो अगले बल्लेबाज के लिए यह बहुत मुश्किल हो जाएगा. इसी वजह से मुझे लगता है कि यह सही माइंडसेट अपनाना ज्यादा जरूरी है. भले ही आप एक या दो विकेट खो दें, फिर भी आप क्रीज पर समय बिता सकते हैं और खेल सकते हैं. मुझे लगता है कि यही अपनाने की जरूरत है, जब विकेट एक साथ गिर रहे हों, तो आपको एक या दो ओवर के लिए दबाव झेलना होगा.’

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ने आने वाले मुकाबलों की तैयारियों को लेकर कहा, ‘अभी के लिए हम पीछे जाकर उन गलतियों के बारे में सोचेंगे जो हमने की है. उसके बाद, जाहिर है, अभी भी एक लंबा सफर बाकी है और अगला साल भी आएगा. हम सोचेंगे कि हम अगले साल के लिए क्या प्लान बना सकते हैं और हमें क्या तरीका अपनाना चाहिए. उसके आधार पर हम बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को भी देख सकते हैं और तय कर सकते हैं कि किसे मौके दिए जा सकते हैं और हम क्या बदलाव कर सकते हैं.’

डीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 142 रन लगाए. टीम की ओर से पाथुम निसांका ने सर्वाधिक 50 रन बनाए. हालांकि, बाकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. केकेआर ने 143 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट खोकर 14.2 ओवर में हासिल कर लिया. केकेआर की तरफ से फिन एलन ने 47 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि कैमरून ग्रीन 33 रन बनाकर नाबाद रहे.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick