- Home
- News
- IPL 2026 Delhi Capitals playoffs qualification scenario how Axar Patel Captaincy Team Can Reach in Final Four
IPL 2026: अब भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है दिल्ली कैपिटल्स, लेकिन उम्मीदें हैं बहुत कम
Delhi Capitals IPL Playoffs Scenario: दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए अब प्लेऑफ में पहुंचने के कितने रास्ते बचे हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स से हार के बाद क्या हैं दिल्ली की उम्मीदें.
Published On May 09, 2026, 10:08 AM IST
Last UpdatedMay 09, 2026, 10:08 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ के रास्ते और मुश्किल हो गए हैं. शुक्रवार, 8 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों मिली हार ने चुनौतियां बढ़ा दी हैं. अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में दिल्ली को 8 विकेट से हार मिली. पहले कोलकाता के स्पिनर्स ने दिल्ली की बैटिंग पर लगाम लगाई और फिर फिन एलन की 47 गेंद की सेंचुरी ने हालत और खराब कर दी.
पथुम निसांका ने 50 रन की पारी खेलकर दिल्ली को 74 रन के स्कोर तक पहुंचाया था. लेकिन इसके बाद सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर दिल्ली के बल्लेबाजों को पूरी तरह से बांधकर रख दिया. और विकेट गिरने का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि टीम 8 विकेट पर 142 रन तक ही पहुंच सकी. केकेआर ने 14.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. और अक्षर पटेल की टीम को करारी शिकस्त दी. और हार ने राजधानी की टीम के अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदों को बहुत नुकसान पहुंचाया.
क्या है दिल्ली की मौजूदा हालत
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी 11 मैच खेले हैं. और उसमें से चार जीते हैं. सात मैच दिल्ली की टीम हारी है. चार जीत से उसके 8 अंक हैं. और वह अंक तालिका में 8वें नंबर पर खिसक गई है. सबसे बड़ी बात दिल्ली का नेट रनरेट भी बहुत खराब है. यह -1.154 है, जो काम को और खराब करता है.
अब दिल्ली के सिर्फ तीन मैच बचे हैं. और यहां से चार पायदान की छलांग बहुत बड़ा काम होगा. और अब मामला पूरी तरह से उसके हाथ में भी नहीं है. दिल्ली की रन रेट भी बहुत खराब है. और उसकी किस्मत अब दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर करती है. दिल्ली अब कोई गलती नहीं कर सकती. और साथ ही उसे यह भी प्रार्थना करनी होगी कि बाकी नतीजे भी उसके पक्ष में रहें.
क्या दिल्ली प्लेऑफ में पहुंच सकती है?
10 टीमों के साथ आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 14 अंक कई बार काफी नहीं होते. 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बहुत ज्यादा रहती हैं. 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंकों के साथ भी क्वॉलिफाइ कर गई थी. लेकिन तब 8 टीमों का टूर्नामेंट होता था. और यह एक अपवाद है. इसके अलावा कभी कोई टीम जीत से ज्यादा हार के साथ अंतिम चार में नहीं पहुंची है.
दिल्ली अब हद से हद इतना कर सकती है कि वह अपने सभी तीनों मैच जीते. और 14 अंक पहुंचे. इसके साथ ही उन जीत का अंतर भी ऐसा रखे कि टीम की रन रेट बेहतर हो सके. क्योंकि 14 अंकों तक पहुंचने के बाद भी दिल्ली की टीम इस मामले में पिछड़ सकती है.