IPL 2026: अब कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल, पूर्व बल्लेबाज ने छोड़ दी उम्मीद
लगातार चार मैच जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ा ली थीं. लेकिन बेंगलुरु के खिलाफ मिली हार ने सारे समीकरण उसके खिलाफ कर दिए हैं.
Published On May 14, 2026, 04:48 PM IST
Last UpdatedMay 14, 2026, 04:48 PM IST
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने पहले छह में से पांच मैच हारे थे. और एक मैच बेनतीजा रहा था. इसके बाद टीम ने लगातार चार मैच जीते और ऐसा लगा कि अब अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम लय हासिल कर चुकी है. टीम के बारे में कहा गया कि उसने सही समय पर लय हासिल की है. और अब वह प्लेऑफ में पहुंच सकती है. लेकिन बुधवार को टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा. और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम पर मिली हार के बाद टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है. भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें कम हो गई हैं.
आधिकारिक प्रसारणकर्ता जियो हॉटस्टार से बात करते हुए पुजारा ने कहा, ‘केकेआर के लिए यह एक मुश्किल काम है. मुझे नहीं लगता कि वे प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर पाएंगे. संभावनाएं बहुत कम हैं. केकेआर के लिए जिस तरह से यह सीजन बीता है, अभी भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है. यह सिर्फ प्लेऑफ तक पहुंचने की बात नहीं है. जब आप दौड़ में नहीं होते, तो आप अपने गौरव के लिए खेलते हैं. सीजन की शुरुआत केकेआर के लिए अच्छी नहीं रही थी. उन्होंने अब वापसी की है और सीजन का अंत शानदार तरीके से करना चाहेंगे.’
केकेआर की सीजन की यह छठी हार थी. इस हार के साथ ही उनका टॉप-4 में पहुंचने का सपना लगभग समाप्त हो चुका है. केकेआर अपने बचे 3 मैच जीतने के बाद भी शायद ही शीर्ष-4 में जा पाए. केकेआर फिलहाल 11 मैचों से 9 अंक लेकर आठवें स्थान पर है. टीम अगर अपने सभी मैच भी जीत जाती है तो उसके अधिकतम 15 अंक ही होंगे. और इसके बाद भी उसके लिए राह बहुत मुश्किल रहने वाली है.
आरसीबी-केकेआर मैच की बात करें तो टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी की शानदार 71 रन की पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रन की बदौलत 4 विकेट पर 192 रन बनाए थे.
विराट कोहली के 60 गेंदों पर बनाए नाबाद 105 रन की बदौलत आरसीबी ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 194 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया. विराट के अलावा देवदत्त पड्डिकल ने 39 रन बनाए. केकेआर की तरफ से विराट कोहली का एक कैच छूटा था, जो अंत में महंगा साबित हुआ और टीम के हाथ से मैच फिसल गया. केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने भी माना कि विराट का कैच छूटना मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा.