• Home
  • News
  • IPL 2026 KL Rahul and David Miller Innings Went in Vain as Gujarat Titans Beat Delhi Capitals by 1 Run in a Thriller

IPL 2026: राहुल और मिलर की पारी भी नहीं आई दिल्ली के काम, रोमांच मैच में गुजरात टाइटंस ने एक रन से हराया

मैच दिल्ली कैपिटल्स की पकड़ में था. लेकिन आखिरी मौके पर जरा सा चूक और गुजरात की समझदारी ने रुख पलट दिया. डेविड मिलर ने ताबड़तोड़ पारी खेली लेकिन उन्हें अफसोस जरूर होगा.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 09, 2026, 12:15 AM IST

Published On Apr 09, 2026, 12:15 AM IST

Last UpdatedApr 09, 2026, 12:15 AM IST

david miller and kuldeep yadav dc vs gt match

david miller and kuldeep yadav dc vs gt match

नई दिल्ली: यह क्रिकेट का रोमांच था. फुल लेंथ मूवी की तरह. 2 गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को चाहिए थे दो रन. क्रीज पर थे डेविड मिलर. आक्रमकता से बल्लेबाजी करते हुए. लेकिन आखिर में दिल्ली को एक रन से हार मिली. और गुजरात टाइटंस को सीजन की पहली जीत. मिलर के यकीन पर प्रसिद्ध कृष्णा की चतुराई और जोस बटलर की गेम एवरनेस भारी पड़ी. बटलर को इस बात का आभास था कि बल्लेबाज किसी भी सूरत में एक रन भागना चाहेंगे और ऐसे में उन्होंने दस्ताना उतारकर रखा ताकि जरूरत पड़ने पर थ्रो किया जा सके. और आखिर में यही काम आया. जब कुलदीप यादव ने रन चुराना चाहा लेकिन बटलर के सीधे थ्रो ने उन्हें रन-आउट कर दिया.

आखिरी ओवर में दिल्ली को चाहिए थे 13 रन

जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 52 गेंद में 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 92 रन बनाए. दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिए थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले. डेविड मिलर (20 गेंद में नाबाद 40) ने उन्हें दो छक्के और दो चौके लगाकर दिल्ली को मैच में बनाए रखा.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया. अगली गेंद पर निगम आउट हो गए जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया. आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए. दिल्ली ने वाइड गेंद के लिए रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा. दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी. गुजरात के लिए अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद ने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट लिए.

दिल्ली के टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर गिल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात टाइटंस ने चार विकेट पर 210 रन बनाये थे. मांसपेशी में ऐंठन से उबरकर वापसी करने वाले गिल ने 45 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाए जबकि बटलर ने 27 गेंद में 52 और सुंदर ने 32 गेंद में 55 रन बनाए.

दिल्ली के लिए लुंगी एनगिडि ने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दो विकेट मिले लेकिन उन्होंने चार ओवर में 55 रन दे डाले. भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया.

राहुल-निसांका ने दी दिल्ली को मजबूत शुरुआत

दिल्ली को पाथुम निसांका और राहुल ने अच्छी शुरूआत दी और पहले विकेट की साझेदारी में 76 रन जोड़े. दोनों ने छठे ओवर में अशोक शर्मा को खासी नसीहत दी जब राहुल ने चौका और निसांका ने तीन चौके तथा एक छक्का लगाकर 23 रन निकाले.

इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने नौवें ओवर में तोड़ा जब पहली गेंद पर निसांका मिडऑफ में राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे. निसांका ने 24 गेंद में छह चौकों और एक छक्के के साथ 41 रन बनाए. राहुल ने हालांकि इसी ओवर में डीप स्क्वेयर लेग पर चौका, स्ट्रेट और लांग आफ में छक्का लगाने के बाद चौके के साथ अपना पचासा पूरा किया.

राशिद खान के डबल-स्ट्राइक से बैकफुट पर दिल्ली

दिल्ली के सौ रन दसवें ओवर में बने. इसी ओवर की आखिरी दो गेंदों पर हालांकि राशिद ने असहज दिख रहे नीतिश राणा (पांच ) और फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी (0) को पवेलियन भेजकर दिल्ली को दो करारे झटके दिए. दिल्ली की उम्मीदें राहुल पर टिकी थी लेकिन वह शतक से आठ रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे बटलर को कैच दे बैठे.

मुकेश ने दिलाई दिल्ली को पहली कामयाबी

इससे पहले गुजरात के लिए भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज साइ सुदर्शन ने अच्छी शुरूआत की और पहली ही गेंद पर मुकेश कुमार को स्ट्रेट चौका लगाया. वहीं अगले ओवर की पहली गेंद पर एनगिडि को कवर में चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किए. सुदर्शन हालांकि अगले ओवर में मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए और 19 के स्कोर पर गुजरात ने पहला विकेट गंवा दिया.

जोस बटलर ने खोले हाथ

इसके बाद से बटलर ने अपने पुराने फॉर्म की झलक देते हुए गुजरात की रनगति को अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से आगे बढाना जारी रखा. उन्होंने मुकेश का स्वागत स्ट्रेट में छक्का लगाकर किया. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिये आये लेकिन पहली गेंद पर बटलर ने चौका लगाया और अगली गेंद को लांग आन सीमारेखा के पार पहुंचा दिया.

अक्षर के पहले ओवर में 13 रन बने. बटलर ने पांचवें ओवर में मुकेश को खासी नसीहत देते हुए तीन छक्के और एक चौके के साथ 23 रन निकाले. स्ट्रेट और लांग आन में छक्के के साथ उन्होंने गुजरात के पचास रन 4.2 ओवर में पूरे किए. पावरप्ले के छह ओवर में गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था.

बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा दूसरे छोर से देख रहे गिल को स्ट्राइक नहीं मिलने का मलाल नहीं रहा होगा. इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अक्षर की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे.

इस साझेदारी को खतरनाक होती देख अक्षर ने अपने सबसे होनहार गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद सौंपी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया. कलाई के इस स्पिनर की नीची गेंद पर बटलर (27 गेंद में 52 रन ) चकमा खाकर बोल्ड हो गए.

सुंदर ने लगाया आईपीएल का पहला अर्धशतक

गुजरात के बल्लेबाज सातवें से दसवें ओवर के बीच 33 रन ही बना सके और एक विकेट भी गंवाया. दस ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 101 रन था.

दिल्ली के लिये 12वां ओवर भी काफी महंगा साबित हुआ जिसमें 23 रन बने. पहले वॉशिंगटन सुंदर ने डीप मिडविकेट के ऊपर से विपराज निगम को छक्का लगाया. इसके बाद गिल ने गेंदबाज के सिर से ऊपर से गेंद को सीमा पार भेजा. गिल ने 15वें ओवर में एनगिडि को डीप स्क्वेयर लेग में चौका लगातर अपना अर्धशतक पूरा किया.

गिल की पारी का अंत एंगिडि ने किया जब गुजरात का स्कोर 183 रन था. वह आफ स्टम्प से बाहर जाती फुल लैंग्थ गेंद पर मिड आफ में नीतिश राणा को कैच दे बैठे.

सुंदर ने नटराजन को 19वें ओवर में स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया. लेकिन आखिरी ओवर में वह मुकेश की गेंद पर राणा को कैच देकर लौटे. उन्होंने 31 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick