• Home
  • News
  • IPL 2026 Match 52 Rajasthan Royals vs Gujarat Titans Predicted 11 and Key Players

IPL 2026: बराबर की लड़ाई में आमने-सामने राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस, कड़ा हुआ टॉप- 4 का मुकाबला, क्या होगी दोनों की प्लेइंग-11

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला होगा. दोनों टीमों के 12 अंक हैं. लेकिन राजस्थान रॉयल्स का रनरेट बेहतर है.

Edited By : Bharat Malhotra |May 09, 2026, 11:18 AM IST

Published On May 09, 2026, 11:18 AM IST

Last UpdatedMay 09, 2026, 11:18 AM IST

Rajasthan Royals vs Gujarat Titans

Rajasthan Royals vs Gujarat Titans

गुजरात टाइटन्स के हौसले बुलंद हैं. टीम ने सही समय पर लय हासिल की है. शनिवार, 9 मई को आईपीएल 2026 में टीम का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा. और टीम जीत की लय बनाए रखना चाहेगी. यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेला जाएगा.

राजस्थान रॉयल्स और गुजरात की टीमों की स्थिति में ज्यादा अंतर नहीं है. दोनों के 12 अंक हैं. और 10 में से दोनों टीमों ने छह मैच जीते हैं. लेकिन रॉयल्स बेहतर नेट रन रेट (0.510) के कारण गुजरात से आगे है. गुजरात टाइटंस ने हालांकि लगातार तीन जीत हासिल की हैं. और इसी वजह से कहा जा रहा है कि 2022 की चैंपियन यह टीम अब सही ट्रैक पर है. आज अगर वह जीत हासिल कर लेती है तो वह टॉप 4 में पहुंच जाएगा. वहीं हालिया मैचों में राजस्थान रॉयल्स की गाड़ी थोड़ी भटकी हुई सी है. अपने पिछले पांच मैचों में से तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने पिछले मैच में कप्तान रियान पराग के 90 रन की मदद से छह विकेट पर 225 रन बनाए थे लेकिन उसके गेंदबाज इस स्कोर का बचाव नहीं कर पाए थे. यह लगातार दूसरा मौका था जब रॉयल्स 220 से अधिक के स्कोर का बचाव नहीं कर पाया.

राजस्थान रॉयल्स हालांकि वैभव सूर्यवंशी (404 रन), यशस्वी जायसवाल (312) और यहां तक ​​कि ध्रुव जुरेल (290) जैसे शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के कारण काफी मजबूत है, लेकिन उसका मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. इन बल्लेबाजों में केवल डोनोवन फरेरा (229) ही 150 या उससे अधिक रन बना पाए हैं.

जुरेल रॉयल्स की बल्लेबाजी का महत्वपूर्ण अंग है लेकिन वह उम्मीद के मुताबिक रफ्तार से रन नहीं बन पा रहे हैं. जुरेल ने अपनी पिछली तीन पारियों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 42 रन, 20 गेंदों में 16 रन और 30 गेंदों में 42 रन बनाए हैं. इन आंकड़ों को देखकर स्पष्ट हो जाता है कि सुधार की गुंजाइश है क्योंकि टूर्नामेंट में यह साफ हो गया कि कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं है.

आईपीएल का मौजूदा सत्र गेंदबाजों के लिए अच्छा नहीं रहा है और ऐसे में रॉयल्स को विशेष कर बीच के ओवरों में अपनी गेंदबाजी की समस्याओं को दूर करना होगा.

गुजरात टाइटंस की टीम इस बात से खुश होगी कि उसने सही समय पर लय हासिल कर ली है. कप्तान शुभमन गिल (378 रन) के प्रदर्शन में निरंतरता है और वह इसे बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध होंगे. साई सुदर्शन (385) भी अपनी फॉर्म का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे. उन्होंने अपनी पिछली चार पारियों में दो अर्धशतक और एक शतक लगाया है.

जोस बटलर (335) के निरंतरता बनाए रखने से गुजरात टाइटन्स का टॉप ऑर्डर बेहद मजबूत नजर आता है. उसके पास निचले क्रम में मुश्किल परिस्थितियों से निपटने में माहिर अच्छे फिनिशर भी हैं.

गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी भी अच्छी है. कैगिसो रबाडा (16 विकेट) तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई बखूबी कर रहे हैं. उसकी टीम रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा (12) और मोहम्मद सिराज (11) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के प्रदर्शन से काफी खुश होगी.

यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में 220 से अधिक के स्कोर का दो बार कामयाबी से पीछा किया जा चुका है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग करना पसंद करेंगी.

राजस्थान रॉयल्स (संभावित टीम): 1 यशस्वी जयसवाल, 2 वैभव सूर्यवंशी, 3 ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), 4 रियान पराग (कप्तान), 5 डोनोवन फरेरा, 6 रवींद्र जड़ेजा, 7 शुभम दुबे, 8 जोफ्रा आर्चर, 9 रवि बिश्नोई, 10 नंद्रे बर्गर/दासुन शनाका, 11 ब्रिजेश शर्मा, 12 तुषार देशपांडे

गुजरात टाइटंस (संभावित टीम): 1 शुभमन गिल (कप्तान), 2 साई सुदर्शन, 3 जोस बटलर (विकेटकीपर), 4 निशांत सिंधु, 5 वाशिंगटन सुंदर, 6 जेसन होल्डर, 7 राहुल तेवतिया, 8 राशिद खान, 9 मानव सुथार, 10 अरशद खान, 11 कागिसो रबाडा, 12 मोहम्मद सिराज

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick