IPL 2026: 'जसप्रीत बुमराह से पूछें कि क्या उसे...', संजय बांगड़ ने मुंबई इंडियंस को दी सलाह
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने जसप्रीत बुमराह को लेकर मुंबई इंडियंस को एक सलाह दी है. उनका मानना है कि इसके बाद बुमराह अपने पुराने रंग में नजर आ सकते हैं.
Published On May 05, 2026, 04:28 PM IST
Last UpdatedMay 05, 2026, 04:28 PM IST
Jasprit bumrah Sanjay Bangar Mumbai Indians
स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह के लिए आईपीएल 2026 बहुत अच्छा नहीं जा रहा है. मुंबई इंडियंस के इस पेसर ने इस सीजन में 10 मैच खेले हैं और सिर्फ तीन विकेट हासिल किए हैं. बुमराह के इस प्रदर्शन का असर मुंबई इंडियंस पर भी पड़ा है. मुंबई इंडियंस आईपीएल के इस सीजन में अभी 9वें पायदान पर है. टीम ने सिर्फ तीन मैच जीते हैं और प्लेऑफ की उसकी उम्मीदें बहुत कम बची हैं. टीम को अपने बाकी बचे चारों मैच तो जीतने ही होंगे और साथ ही उम्मीद करनी होगी कि बाकी नतीजे भी उसके पक्ष में जाएं. बुमराह के इस खेल पर भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने अपनी राय रखी है. बांगड़ ने कहा है कि बुमराह की इस परेशानी का हल शायद पूरी तरह से तकनीकी नहीं है.
उन्होंने आधिकारिक प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्टस के साथ बातचीत में कहा, ‘हम उस स्थिति में पहुंच गए हैं जहां मैनेजमेंट को सही मायनों में बुमराह के साथ बैठकर बात करनी चाहिए. उनसे पूछना चाहिए: ‘क्या आप खुद 100 फीसदी महसूस कर रहे हैं’; ‘क्या आप एक-दो मैच का ब्रेक लेना चाहेंगे.”
बांगड़ की इस सलाह के मायने यह हैं कि बुमराह कुछ वक्त के लिए हट जाएं और फिर खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से रीसेट करके कुछ आखिरी मुकाबलों के लिए पूरी तरह धारदार आक्रमण के साथ लौटें.
उन्होंने कहा, ‘और अगर वह कहते हैं, ‘नहीं, मैं खेलने के लिए तैयार हूं’ तो शायद आपको उनका एक बेहतर वर्जन देखने को मिले. चूंकि वह और ज्यादा मेहनत करेंगे.’
प्लेऑफ में पहुंचने की मुंबई की जो भी बची-खुची उम्मीदें हैं वे काफी हद तक बुमराह के प्रदर्शन पर निर्भर करती हैं. सवाल यह भी है कि क्या मुंबई इंडियंस, जो एक भी मैच हारना गवारा नहीं कर सकती, इस अहम मोड़ पर अपने इस स्टार गेंदबाज को आराम दे सकती है?
मुंबई ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपने अवसरों को जीवंत रखा है.
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि बुमराह बहुत ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं और इसी वजह से वह अपनी नैसर्गिक लय नहीं हासिल कर पा रहे हैं. उनका मानना है कि बुमराह को बहुत ज्यादा प्रयोग नहीं करने चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ बुमराह प्रयोग ज्यादा कर रहे हैं और इस वजह से वह लय हासिल नहीं कर पा रहे हैं और कुछ किस्मत का साथ भी उन्हें नहीं मिल रहा है.