IPL 2026: RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कहां हुई चूक, किसका भुगतना पड़ा खमियाजा
Rajat Patidar Statement RCB vs DC Match: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि आखिर उनकी टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना क्यों करना पड़ा.
Published On Apr 18, 2026, 10:02 PM IST
Last UpdatedApr 18, 2026, 10:02 PM IST
बेंगलुरु: IPL 2026 के 26वें मुकाबले में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि आखिर उनकी टीम से क्या गलती हो गई. पाटीदार ने माना कि टीम के बल्लेबाजों ने 15 से 20 रन कम बनाए, जिसका खामियाजा आरसीबी को भुगतना पड़ा.
रजत पाटीदार ने बताया RCB ने कहां कर दी चूक
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद पाटीदार ने कहा, ‘मुकाबला बहुत करीबी था, लेकिन मुझे लगता है कि हमने 15 से 20 रन कम बनाए. विराट और साल्ट ने हमें अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन 12-13 ओवरों के बाद हमने कुछ ही ओवरों में लगातार विकेट गंवा दिए, जिससे हम थोड़ा पिछड़ गए. मुझे लगता है कि पहली पारी में पिच थोड़ी मुश्किल थी. हालांकि, हमने जिस तरह से अंतिम ओवरों में लड़ाई लड़ी, वह हमारे लिए एक सकारात्मक संकेत है. मैंने अभी-अभी गेंदबाजों से बात की थी कि आप जो भी करें, उसमें पूरी तरह स्पष्ट रहें. यह एक लंबा टूर्नामेंट है, लेकिन मुझे लगता है कि हम वापस जाकर अपनी गलतियों का विश्लेषण करेंगे और उन्हें सुधारेंगे.’
SCORECARD: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल के पूरी तरह से फिट न होने के कारण मैच प्रेजेंटेशन में कार्यवाहक कप्तान के तौर पर पहुंचे केएल राहुल ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में विकेट थोड़ा मुश्किल था. मैं देख सकता था कि विराट और फिल साल्ट इस बात से खुश नहीं थे कि गेंद किस तरह से बल्ले पर आ रही थी. पहले छह ओवरों में हमारे तीन विकेट गिरने से चीजें आसान नहीं रहीं. हालांकि, मुझे लगता है कि कुल मिलाकर यह एक बहुत ही अच्छा क्रिकेट मैच था.’
KL Rahul ने बताई दिल्ली कैपिटल्स की रणनीति
3 विकेट सिर्फ 18 रनों के स्कोर पर गिरने के बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 69 रन जोड़े. राहुल ने 3 विकेट जल्दी गिरने के बाद की योजना पर बात करते हुए कहा, ‘हमारी बातचीत यही थी कि हम अच्छे क्रिकेट शॉट्स खेलना जारी रखें और देखें कि हम बाउंड्री कैसे ढूंढ सकते हैं और कैसे हम अभी भी गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं. हम डिफेंसिव नहीं होना चाहते थे, क्योंकि अगर रन रेट बढ़ता रहता, तो आखिर में चीजें और भी मुश्किल हो जातीं.’
गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखना चाहते थे: KL Rahul
राहुल ने माना कि अगर रनरेट बढ़ता रहता तो मुश्किल हो सकती थी. उन्होंने कहा, ‘हमने यह तब भी देखा था जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तब थोड़ी रिवर्स स्विंग भी मिल रही थी और विरोधी टीम के पास कुछ बहुत अच्छे डेथ बॉलर्स भी थे. इसी कारण हम मैच को बहुत आखिर तक नहीं ले जाना चाहते थे. हम बस उस पल में रहना चाहते थे, एक-एक ओवर करके आगे बढ़ना चाहते थे और गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करना चाहते थे.’
राहुल से जब पूछा गया कि क्या अंतिम ओवरों में उन्हें घबराहट महसूस हुई, तो इसके जवाब में स्टार बल्लेबाज ने कहा कि उन्हें डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स पर पूरा भरोसा था. राहुल ने कहा कि स्टब्स और मिलर साउथ अफ्रीका क्रिकेट के लिए रोजाना ऐसा करते हैं. पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 175 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे. हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स की टीम 176 रनों के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हुए हासिल करने में सफल रही. टीम की तरफ से केएल राहुल ने 57 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबके मिलर ने 22 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे.