IPL 2026: पंजाब को हराकर खुश हुए रियान पराग, बोले- हमने जो सोचा था कर दिखाया
राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2026 में अपनी छठी जीत दर्ज की. वहीं पंजाब किंग्स की यह इस सीजन में अभी तक यह पहली हार थी. पराग ने जीत के बाद क्या कहा और किस बात की उन्हें शिकायत रह गई.
Published On Apr 29, 2026, 09:26 AM IST
Last UpdatedApr 29, 2026, 09:26 AM IST
रियान पराग ने पंजाब किंग्स पर जीत के बाद क्या कहा
न्यू चंडीगढ़: रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने आखिर वह कर दिखाया जो इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अभी तक कोई टीम नहीं कर पाई थी. टीम ने पंजाब किंग्स के विजय-रथ को रोक दिया. मंगलवार को इस सीजन के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया. इससे पहले पंजाब किंग्स की टीम ने कोई मैच नहीं गंवाया था. मैच के बाद रियान पराग ने कहा कि आखिर सीजन की शुरुआत से पहले उनकी टीम ने जो तय किया था वह इस मैच में हासिल कर लिया है.
महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए. इस पारी में मार्कस स्टोइनिस 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन बनाए.
स्कोरकार्ड- पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, आईपीएल मैच- 40
इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली. इस टीम के लिए जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन की पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 43 रन बनाए. इनके अलावा, डोनोवन फरेरा ने नाबाद 52 रन टीम के खाते में जोड़े.
जीत के बाद भी पराग को कुछ शिकायतें
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने शानदार जीत के बाद कहा, ‘बतौर टीम टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हमने जो तय किया था, उन्हें इस मैच में हासिल किया. हम उन्हें थोड़ा और कम स्कोर पर रोक सकते थे, लेकिन बल्लेबाजों ने इसकी भरपाई कर दी.’
इसे भी पढ़ें- प्रभसिमरन सिंह का बड़ा कारनामा, क्रिस गेल का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
उन्होंने कहा, ‘हम कुछ ओवर गेंदबाजी में बेहतर कर सकते थे और बल्लेबाजी में भी कुछ ओवर बेहतर हो सकते थे, लेकिन हमारा लक्ष्य पूरे 40 ओवर अच्छा प्रदर्शन करना था. चिंताएं सिर्फ बाहर के लोगों की थीं, हमें अपने खिलाड़ियों पर भरोसा था. सारी फिक्र बाहर से थी, हमारे भीतर नहीं. हमारी योजना यही थी कि विकेट हाथ में रखें, लेकिन रनरेट से बहुत पीछे भी न रहें. मुश्किल हिस्सा मोमेंटम बनाए रखना था. हम थोड़ा पीछे रह गए थे, लेकिन फिर वापसी की.’
फरेरा और दूबे ने पलटा राजस्थान के लिए मैच
पंजाब किंग्स 14 ओवर की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 151 रन बना सकी थी. इसके बाद डोनोवन फरेरा ने शुभम दुबे के साथ 32 गेंदों में 77 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई.
इसे भी पढ़ें- RR के खिलाफ पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने क्यों बाधी है काली पट्टी, ‘सरपंच’ ने बताई वजह
दुबे ने 12 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 31 रन बनाए, जबकि फरेरा ने 26 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन की नाबाद पारी खेली. इन खिलाड़ियों की तारीफ में कप्तान ने कहा, ‘शुभम दुबे और डॉन (डोनोवन फरेरा) ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे मुकाबला पंजाब किंग्स से दूर हो गया. दोनों ने जिस अंदाज में खेला, वह काबिल-ए-तारीफ था.’