पहली गेंद फेंकते ही लगा था मेरे लिए विकेट में कुछ है, राजस्थान रॉयल्स को चौंकाने के बाद बोले राशिद खान
राशिद खान ने गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चार विकेट अपने नाम किए. इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की.
Published On May 10, 2026, 11:42 AM IST
Last UpdatedMay 10, 2026, 11:42 AM IST
गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद क्या बोले राशिद खान
जयपुर: आईपीएल 2026 का 52वां मुकाबला सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला गया. शुभमन गिल की विस्फोटक बल्लेबाजी और राशिद खान की घातक गेंदबाजी की बदौलत जीटी ने आरआर को 77 रन से हरा दिया. राशिद खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मैच के बाद राशिद खान ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं. मैंने जब पहली गेंद फेंकी थी, उसी समय मुझे लगा कि यहां मेरे लिए कुछ है. मैं गेंद की गति और उसे सही लेंथ पर फेंकने की लगातार कोशिश कर रहा था. इससे मुझे सफलता मिली. स्टंप से बाहर जाने पर बल्लेबाज के लिए बाउंड्री लगाना आसान हो जाता है.”
राशिद ने जीटी में अपने साथी स्पिनर साई किशोर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अपनी स्किल पर काफी मेहनत कर रहा है. मैं उसे भविष्य में गेंदबाजी करते हुए देखने के लिए उत्साहित हूं.
राशिद ने आगे कहा, ‘पिछले 2 सीजन मेरे लिए अच्छे नहीं रहे थे. इस साल मैं सही लाइन लेंथ पर गेंदबाजी कर रहा हूं और अपने खेल का आनंद ले रहा हूं. मेरी कोशिश निरंतरता बनाए रखने की है. सर्जरी के बाद मेरी फिटनेस और गेंदबाजी बेहतर हुई है.’
मैच पर नजर डालें तो राजस्थान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. जीटी ने कप्तान शुभमन गिल के 44 गेंदों पर 84 रन और साई सुदर्शन के 36 गेंदों पर 55 रन की मदद से 4 विकेट पर 229 रन बनाए थे. 230 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी राजस्थान रॉयल्स 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई.
राशिद खान ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट लिए. जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में 12 रन देकर 3, कगिसो रबाडा ने 3 ओवर में 33 रन देकर 2 और सिराज ने 1 विकेट लिए.
इसके साथ ही राशिद खान आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज पेसर लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है. मलिंगा ने आईपीएल में 170 विकेट लिए थे. आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाजों की लिस्ट में सबसे आगे कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलने वाले कैरेबियाई स्पिनर सुनील नारायण का नाम है. इस मिस्ट्री स्पिनर ने अभी तक IPL में 202 विकेट लिए हैं. वहीं वेस्टइंडीज के ही ड्वेन ब्रावो ने 183 विकेट अपने नाम किए थे. वह इस सूची में अब दूसरे नंबर पर हैं. ब्रावो अब क्रिकेट में बतौर खिलाड़ी सक्रिय नहीं हैं तो उम्मीद है कि राशिद जल्द ही उन्हें पीछे छोड़ देंगे.
आरआर पर जीत के साथ ही जीटी अंकतालिका में दूसरे स्थान पर चली गई है. आरआर टॉप-4 से बाहर होकर पांचवें स्थान पर चली गई है.