IPL 2026 SRH vs LSG: सनराइजर्स के बल्लेबाजों से कैसे निपटेगा लखनऊ, जानें कैसी होगी दोनों की प्लेइंग इलेवन!
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को चुनौती देगी. सनराइजर्स की टीम की मजबूत बल्लेबाजी के सामने लखनऊ के गेंदबाजों को दम दिखाना होगा.
Published On Apr 05, 2026, 12:48 PM IST
Last UpdatedApr 05, 2026, 12:48 PM IST
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में आज रविवार, 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला होगा. इस मैच में हैदराबाद की जीत की जिम्मेदारी उसके बल्लेबाजों पर होगी. सनराइजर्स ने अपने पहले मैच में कोलकाता को 65 रन से हराया था. और यह इस सीजन में उसका पहला घरेलू मैच होगा.
यह मैच दोपहर को खेला जाएगा और इसमें बल्लेबाजों को काफी मदद मिल सकती है. और ऐसे में लखनऊ को सनराइजर्स को उसी के मैदान पर हराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. सनराइजर्स को अपने घरेलू मैदान की परिस्थितियां पसंद हैं. और इस मुकाबले में सनराइजर्स का दावा मजबूत है.
संजीव गोयनका के मालिकाना हक वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. बीते कुछ साल से उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. और इस बार भी शुरुआत अच्छी नहीं रही है.
जस्टिन लैंगर की कोचिंग वाली टीम में ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श, दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम, कप्तान ऋषभ पंत और विस्फोटक निकोलस पूरन जैसे दमदार बल्लेबाज शामिल हैं. लेकिन इसके बावजूद उसकी टीम आईपीएल के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान इकाना में 141 रन पर आउट हो गई जिससे टीम की कई गंभीर समस्याएं उजागर हुईं. टीम ने बैटिंग ऑर्डर भी बदला लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हुआ.
लखनऊ सुपर जायंट्स की गेंदबाजी उसकी ताकत है. पिछले मैच में मोहम्मद शमी ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के साथ मिलकर नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए पुराने दिनों की याद दिला दी, लेकिन बीच के ओवरों में उसके गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए जिससे पिछले सत्र में 14 विकेट लेने वाले मिस्ट्री लेग स्पिनर दिग्वेश राठी को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठने लग गए हैं.
जहां तक सनराइजर्स की बात है तो उसने अपने पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार के बाद लय हासिल कर ली है. केकेआर के खिलाफ उसकी बल्लेबाजी इकाई ने शानदार प्रदर्शन किया। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी उसके लिए अच्छे संकेत हैं. पैट कमिंस स्कैन करवाने ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं. उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन ने अच्छा खेल दिखाया है. हेनरिच क्लासेन का अनुभव टीम के मिडल-ऑर्डर को मजबूती प्रदान करता है. उन्होंने केकेआर के खिलाफ हाफ सेंचुरी लगाई थी.
तो इस मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है.
सनराइजर्स हैदराबाद (संभावित) 1 अभिषेक शर्मा, 2 ट्रैविस हेड, 3 ईशान किशन (कप्तान, विकेटकीपर), 4 हेनरिक क्लासेन, 5 अनिकेत वर्मा, 6 नीतीश कुमार रेड्डी, 7 सलिल अरोड़ा, 8 हर्ष दुबे, 9 शिवांग कुमार, 10 जयदेव उनादकट, 11 ईशान मलिंगा
लखनऊ सुपर जाइंट्स (संभावित) 1 मिशेल मार्श, 2 ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), 3 एडेन मार्कराम, 4 निकोलस पूरन, 5 आयुष बडोनी, 6 अब्दुल समद, 7 मुकुल चौधरी, 8 मोहम्मद शमी, 9 एनरिक नॉर्टजे, 10 प्रिंस यादव, 11 मोहसिन खान