- Home
- News
- IPL 2026 Sunrisers Hyderabad vs Royal Challengers Bengaluru Match Preview and Playing 11 Updates
IPL 2026: कैसे टॉप-2 में पहुंचेगी सनराइजर्स हैदराबाद, RCB के खिलाफ कितने रन से जीतना होगा?
आीपीएल में आज सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मैच है. दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं लेकिन इस मैच की अहमियत बहुत ज्यादा है.
Published On May 22, 2026, 02:43 PM IST
Last UpdatedMay 22, 2026, 02:43 PM IST
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला है. दोनों ही टीमें प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाइ कर चुकी हैं. ऐसे में आप यह सोच सकते हैं कि इस मुकाबले का टूर्नामेंट पर कोई असर नहीं पड़ने वाला. लेकिन, जरा रुकिए. बात सिर्फ इतनी भर नहीं है. इससे कहीं आगे है. गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स पर गुजरात टाइटंस की 89 रन की जीत ने कुछ समीकरण बदल दिए हैं. अब रेस भले ही प्लेऑफ की न हो. लेकिन प्लेऑफ में टॉप पर बने रहने की जरूर है. कम-से-कम हैदराबाद की टीम के लिए यह कुछ ज्यादा ही अहम हो जाता है. चूंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम तो अभी पॉइंट्स टेबल में चोटी पर है. और अगर वह आज का मैच जीत जाती है तो वह 20 अंकों के साथ चोटी पर ही रहेगी. वहीं हैदराबाद 16 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रह जाएगी. कहानी में मोड़ तब आएगा अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम हार जाती है.
अब जरा फर्ज कीजिए कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम हार गई. तो तीन टीमों के अंक 18 हो जाएंगे. आरसीबी, गुजरात और सनराइजर्स, तीनों ही बराबर होंगे. और यहां नेट रनरेट से तय होगा कि पहले दो पायदान पर कौन सी टीमें रहेंगी. बेंगलुरु का नेट रनरेट अभी +1.065 का है. चेन्नई पर बड़ी जीत के बाद गुजरात का नेट रनरेट अब +0.695 है. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अगर आज के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले 220 रन बना लेती है तो उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 88 रन से हराना होगा. वहीं अगर वह 150 रन के लक्ष्य का पीछा करती है तो उसे 11.3 ओवर में इस टारगेट को हासिल करना होगा. अगर ऐसा हो जाता है तो सनराइजर्स हैदराबाद का रनरेट आरसीबी से बेहतर हो जाएगा और गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले और दूसरे स्थान पर रहेंगे.
जहां तक हैदराबाद के मैदान की बात है तो इस मैदान पर मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन अच्छा रहा है. टीम ने यहां छह मैच खेले हैं और चार मैच जीते हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने शाम को खेले सभी मुकाबले यहां जीते हैं और जिन दो मैचों में टीम हारी है वे दोपहर को खेले गए थे.
RCB की बात करें तो कप्तान रजत पाटीदार फिट हो गए हैं. वह पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेले थे. अब वह फिट होकर लौट चुके हैं. देखते हैं दोनों टीमों की प्लेइंग 12 कैसी होगी.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (संभावित XII):
1 वेंकटेश अय्यर, 2 विराट कोहली, 3 देवदत्त पडिक्कल, 4 रजत पाटीदार (कप्तान), 5 टिम डेविड, 6 जितेश शर्मा (विकेटकीपर), 7 रोमारियो शेफर्ड, 8 क्रुणाल पंड्या, 9 भुवनेश्वर कुमार, 10 रसिख सलाम, 11 जोश हेज़लवुड, 12 जैकब डफी
सनराइजर्स हैदराबाद (संभावित XII):
1 अभिषेक शर्मा, 2 ट्रैविस हेड, 3 ईशान किशन (विकेटकीपर), 4 हेनरिक क्लासेन, 5 सलिल अरोड़ा, 6 आर स्मरण, 7 नितीश कुमार रेड्डी, 8 पैट कमिंस (कप्तान), 9 शिवांग कुमार, 10 ईशान मलिंगा, 11 साकिब हुसैन, 12 प्रफुल्ल हिंगे