- Home
- News
- IPL 2026: We were 10-15 Runs Short says LSG Captain Rishabh Pant after Defeat From Mumbai Indians
IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स की छठी हार, ऋषभ पंत ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद आखिर क्या कहा
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा. मैच के बाद टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने आखिर हार के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया.
Published On May 05, 2026, 07:24 AM IST
Last UpdatedMay 05, 2026, 07:24 AM IST
मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार को टेबल में दो सबसे नीचे कायम टीमों के बीच मैच था. मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला था. इस मैच में मुंबई इंडियंस ने 229 के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की. मैच के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने हार के कारणों पर चर्चा करते हुए माना कि उनकी टीम ने कुछ रन कम बनाए.
वापसी में छाए रोहित शर्मा, तिलक-सूर्या फिर नहीं चले
सुपर जायंट्स ने निकोलस पूरन की हाफ सेंचुरी की मदद से 5 विकेट पर 228 रन का स्कोर बनाया. लेकिन यह स्कोर काफी नहीं रहा. मुंबई इंडियंस के लिए वापसी कर रहे रोहित शर्मा ने रेयान रिकलटन के साथ पहले विकेट के लिए 143 रन की तूफानी साझेदारी की. इस साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने 8 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. रोहति शर्मा ने 44 गेंद पर छह चौके और सात छक्के की मदद से 84 रन बनाए. वहीं रिकलटन ने 32 गेंदों पर छह चौके और 8 छक्के लगाते हुए 83 रन बनाए.
स्कोरकार्ड- आईपीएल 2026, मैच-47, मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
मुंबई के लिए तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बल्ले से ज्यादा योगदान देने में असफल रहे. वर्मा ने 11 और इस मैच में कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 12 रन बनाए. आखिर में इस मैच में नमन धीर ने 12 गेंद पर नाबाद 23 और विल जैक्स ने चार गेंद पर 10* रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई.
इससे पहले, निकोलस पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने इससे पहले अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े जिससे सुपर जाइंट्स ने पांच विकेट पर 228 रन बनाए.
पंत बोले- हमने 10-15 रन कम बनाए
पंत ने मैच के बाद कहा, ‘जिस तरह से हमने शुरुआत की थी हमें निश्चित रूप से और अधिक रन बनाने चाहिए थे. उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की. वे इन परिस्थितियों के आदी हैं. निश्चित रूप से हम 10 से 15 रन पीछे रह गए.’ पंत ने कहा कि इस तरह के विकेटों पर गेंदबाजों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता.
उन्होंने कहा, ‘एक समय हमारा उन पर पलड़ा भारी था. इस तरह के विकेट पर आप गेंदबाजों को गलत नहीं ठहरा सकते. वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हमें थोड़ी अच्छी किस्मत की जरूरत है.’
क्या है दोनों टीमों की हालत
इस जीत के बाद मुंबई इंडियंस के 10 मैचों में 6 अंक हैं. टीम ने तीन मैच जीते हैं. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के 9 मैचों में सिर्फ चार अंक हैं. दोनों ही टीमों के लिए प्लेऑफ के लिए राह अब भी मुश्किल है. और उन्हें अपने मैच जीतने के साथ-साथ बाकी टीमों के कई परिणामों पर निर्भर रहना होगा.