×

IPL 2026 की तारीखें आई सामने, 26 मार्च से 31 मई के बीच होंगे मुकाबले: रिपोर्ट

IPL 2026 की तारीखों के बारे में बड़ी जानकारी सामने आई है. खबर के मुताबिक 26 मार्च से लेकर 31 मई केबीच आईपीएल खेला जाएगा. हालांकि इसका अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 16, 2025 8:29 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 26 मार्च से 31 मई के बीच हो सकता है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अभी तक आईपीएल के 19वें सीजन का आधिकारिक आयोजन नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि यह टी20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के तीन सप्ताह बाद शुरू हो सकता है. टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच खेला जाएगा. इस बार टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा.

इसका अर्थ यह है कि लगातार दूसरे साल आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग की तारीखें टकराएंगी. पाकिस्तान सुपर लीग 26 मार्च से तीन मई के बीच खेला जाएगा.

ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने आईपीएल की तारीखों को लेकर फैसला कर लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं. 16 दिसंबर, यानी आज मंगलवार को आईपीएल के अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी. कुल 369 खिलाड़ी इस नीलामी में शामिल हैं. अभी तक कुल 77 स्लॉट खाली हैं. इसमें 31 विदेशी प्लेयर्स हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे ज्यादा 13 खिलाड़ियों की जगह खाली है. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के पास 10 खिलाड़ियों की जगह है. कोलकाता के पास सबसे ज्यादा पर्स भी है. उसके पास 64.30 करोड़ रुपये का पर्स है. चेन्नई के पास 43.40 करोड़ रुपये हैं.

TRENDING NOW

आईपीएल 2025 भी 22 मार्च से 25 मई के बीच खेला जाना था. लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते इसे 9 मई को सस्पेंड कर दिया गया था. फिर इसकी शुरुआत 15 मई को हुई थी और तीन जून को इसका फाइनल खेला गया था. बीते साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उसने पंजाब किंग्स को हराया था.

Tags: