• Home
  • News
  • IPL 2026 Yashasvi Jaiswal, Vaibhav Sooryavanshi fireworks sink Mumbai Indians in rain-hit clash RR Hattrick of Win

IPL 2026: वैभव का कमाल, जायसवाल का धमाल, राजस्थान ने मुंबई को हराकर लगाई जीत की हैटट्रिक

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2026 में जीत ही हैटट्रिक पूरी कर ली है. राजस्थान की टीम इस जीत के साथ टॉप पर पहुंच गई है.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 08, 2026, 12:55 AM IST

Published On Apr 08, 2026, 12:55 AM IST

Last UpdatedApr 08, 2026, 12:55 AM IST

Vaibhav Sooryavanshi RR Yashasvi Jaiswal

गुवाहाटी: सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के वर्षा से प्रभावित 11 ओवर के मैच में मंगलवार को यहां मुंबई इंडियन्स को 27 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और छह अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई.

बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे और 40 मिनट के विलंब से शुरू किया जिसके कारण इसे 11 ओवर का कर दिया गया. रॉयल्स के 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम कभी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी और नौ विकेट पर 123 रन ही बना सकी. मुंबई की ओर से नमन धीर (25) और शेरफेन रदरफोर्ड (25) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए. रॉयल्स की ओर से नांद्रे बर्गर (21 रन पर दो विकेट), रवि बिश्नोई (25 रन पर दो विकेट) और संदीप शर्मा (26 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

जायसवाल ने इससे पहले 32 गेंद में चार छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 77 रन की पारी खेलने के अलावा वैभव सूर्यवंशी (39 रन, 14 गेंद, पांच छक्के, एक चौके) के साथ पांच ओवर में 80 रन जोड़े जिससे रॉयल्स ने तीन विकेट पर 150 रन बनाए.

मुंबई की ओर से स्पिनर अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए. शारदुल ठाकुर ने भी 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई की शुरुआत खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में 22 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए. टीम ने पहले ही ओवर में रेयान रिकेल्टन (08) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच थमाया.

कप्तान सूर्यकुमार यादव (06) ने तेज गेंदबाज बर्गर पर छक्का जड़ा लेकिन फिर आर्चर को कैच दे बैठे जबकि संदीप शर्मा ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (05) को पगबाधा करके मुंबई को तीसर झटका दिया. मुंबई की टीम पावर प्ले के 3.2 ओवर में तीन विकेट पर 30 रन ही बना सकी.

बिश्नोई ने कप्तान हार्दिक पंड्या (09) और तिलक वर्मा (14) को चार गेंद के भीतर आउट करके मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 46 रन किया. नमन और रदरफोर्ड ने पारी को संभाला लेकिन सिर्फ हार के अंतर को कम कर पाए. रदरफोर्ड ने देशपांडे पर दो छक्के मारे लेकिन फिर स्लिप में संदीप को कैच दे बैठे. नमन ने भी इसके बाद बर्गर की गेंद पर बिश्नोई को कैच थमा दिया.

इससे पहले हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद जासयवाल और सूर्यवंशी ने रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 3.2 ओवर के पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े. जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौकों और एक छक्के से 22 रन जोड़े जबकि सूर्यवंशी ने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह पर दो छक्के मारे. जायसवाल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर तीन छक्कों से 22 रन जुटाकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया.

सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में शारदुल ठाकुर पर दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन अंतिम गेंद पर डीप कवर बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे. गजनफर ने ध्रुव जुरेल (02) को पगबाधा करके रॉयल्स को दूसरा झटका दिया. जासवाल ने पंड्या पर चौके के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. कप्तान रियान पराग (20) ने पंड्या और गजनफर पर छक्के मारे लेकिन फिर इस स्पिनर की गेंद पर तिलक के हाथों लपके गए. जायसवाल ने पारी के अंतिम ओवर में शारदुल पर तीन चौकों के साथ टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया.

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick