युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल बेहतरीन मंच है: बासिल थंपी
बासिल थंपी को गुजरात ने 85 लाख रुपये में खरीदा है
Published On Mar 30, 2017, 12:10 PM IST
Last UpdatedMar 30, 2017, 12:10 PM IST

केरल के तेज गेंजबाज बासिल थंपी का मानना है कि आईपीएल उनके जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बहुत अच्छा मंच है। बासिल आईपीएल-10 में गुजरात लॉयंस का हिस्सा होंगे। बासिल ने कहा, ”आईपीएल युवा खिलाड़ियों के लिए शानदार मंच है, आईपीएल हमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने और दबाव झेलने का मौका देता है।” बासिल को गुजरात लॉयंस ने 85 लाख रुपये में खरीदा है। आपको बता दें कि बासिल का बेस प्राइज 10 लाख रुपये था। बासिल को मुनाफ पटेल, मनप्रीत गोनी जैसे दिग्गज गेंदबाजों से भी ज्यादा राशि देकर खरीदा गया है। ये भी पढ़ें: दूसरे सीजन में पहला खिताब जीतने पर होंगी गुजरात लॉयंस की नजरें
इसके अलावा बासिल ने माना कि टी20 फॉर्मेट गेंदबाजों के लिए एक बड़ी चुनौती है। बासिल ने कहा, ”इस फॉर्मेट में गेंदबाजी करना काफी मुश्किल चुनौती होती है, लेकिन मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे सुरेश रैना, प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी सलाह दे रहे हैं।” गुजरात टीम के मालिक अपनी टीम की गेंदबाजी को और मजबूती प्रदान करना चाहते थे और बासिल के पास गेंद को लगातार 140 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकने की काबिलियत है। आपको बता दें कि गुजरात को अपना पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलना है और उद्घाटन समारोह के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी भी शिरकत करेंगे। सीएम के अलावा शाहरुख खान, जूही चावला भी अपनी टीम की हौसलाअफजाई के लिए स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। गुजरात को अपना पहला मुकाबला 7 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइजर्स के खिलाफ खेलना है। पहला मैच गुजरात अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी। पिछले सत्र में गुजरात की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था और ग्रुप मैचों में टीम टेबल टॉपर बनकर उभरी थी।