IPL ने तो मेरी जिंदगी..., दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर ने बताया आखिर क्या हुआ बदलाव
दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर विपराज निगम ने कहा कि आईपीएल से उन्हें जो सीखने को मिला है वह उनके काफी काम आएगा.
Published On May 21, 2025, 03:09 PM IST
Last UpdatedMay 21, 2025, 03:09 PM IST
Vipraj Nigam
नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर विपराज निगम के लिए आईपीएल 2025 का सीजन अच्छा रहा है. स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर इस खिलाड़ी का मानना है कि आईपीएल से उनके जीवन में काफी बदलाव आये हैं. दिग्गज क्रिकेटरों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है. उन्होंने कहा कि ये सब उनके करियर को निखारने में काफी काम आएगी.
निगम की उम्र 20 साल है. और उत्तर प्रदेश के इस खिलाड़ी को दिल्ली कैपिटल्स ने बीते साल नीलामी में 50 लाख रुपये में खरीदा था. उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावित किया है. वह बीच के ओवरों में गेंदबाजी करते हुए रनों पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट भी हासिल करते हैं.
सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने के बारे में निगम ने कहा,‘ आईपीएल से जीवन में कई बदलाव आए हैं. आईपीएल से चीजें बदल जाती हैं. आपको इतने बड़े सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलता है. उनसे और उनके अनुभव से सीखने का मौका मिलता है.’
उन्होंने कहा,‘मेरे लिए ये नये अनुभव हैं और मैं अपने खेल में इस सीख पर अमल करने की कोशिश करूंगा.’
निगम ने दिल्ली के कोचिंग स्टाफ की तारीफ करते हुए कहा, ‘जब मुझे दिल्ली टीम ने चुना और उससे पहले भी मैने अपने कोचों और प्रबंधन से बात की. उन्होंने मुझे हमेशा कहा कि वे मुझे हरफनमौला के रूप में देखते हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट और लीग में मेरी बल्लेबाजी देखी और संदेश साफ था कि दो से चार ओवर फेंकने के अलावा मुझे बल्लेबाजी पर भी फोकस करना है.’
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले निगम ने कहा, ‘अपने प्रदेश के लिए खेलने के बाद जब मैं राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी गया तो कोचों ने मेरी काफी मदद की. मैं बल्लेबाज के तौर पर गया था लेकिन मैने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों पर फोकस किया.’
निगम ने आईपीएल के इस सीजन में 179.41 के स्ट्राइक-रेट से 122 रन बनाए हैं. इसके साथ ही 12 मैचों में उन्होंने 9 विकेट भी लिए हैं.