- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ipl hasnt just enhanced youngsters skillsets but also their self belief and temperament vvs laxman 4512226
टीम इंडिया में सूर्यकुमार यादव-इशान किशन की धमाकेदार इंट्री के पीछे IPL का हाथ: वीवीएस लक्ष्मण
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले सूर्यकुमार यादव और इशान किशन ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान भारत के लिए डेब्यू किया।
Published On Mar 23, 2021, 04:55 PM IST
Last UpdatedMar 23, 2021, 04:55 PM IST
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और इशान किशन (Ishan Kishan) की जमकर तारीफ की है। लक्ष्मण का मानना है कि लंबे समय तक इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने की वजह से इन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास इतना बढ़ा है।
झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज किशन ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 32 गेंदो पर 56 रनों की मैचविनिंग पारी खेली थी। जबकि सूर्यकुमार ने सीरीज के चौथे मैच में 31 गेंदो पर 57 रन जड़े थे। जिसके बाद यादव को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के लिए भारतीय वनडे स्क्वाड में भी जगह मिली।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अपने कॉलम में लक्ष्मण ने लिखा, “सूर्यकुमार यादव और इशान किशन की धमाकेदार इंट्री आईपीएल से मिले आत्मविश्वास का नतीजा है। युवा खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिना किसी परेशानी के खेल पाना इस बात का सबूत है कि आईपीएल ने ना केवल उनकी काबिलियत बल्कि उनके आत्मविश्वास और स्वभाव को भी सुधारा है जो कि किसी को नेट्स में नहीं सिखाया जा सकता है।”
टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेली गई पांच मैचों टी20 सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 3-2 से शानदार जीत दर्ज की। बराबरी पर चल रही सीरीज के आखिरी मैच में कप्तान विराट कोहली ने खुद को बल्लेबाजी क्रम में प्रमोट किया और रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे।
कोहली-रोहित की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी बनाई, जिसके दम पर भारत ने इंग्लैंड सके सामने 225 रन का लक्ष्य रखा। तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार और शार्दुल ठाकुर के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड को 188 रन के स्कोर पर रोक टीम इंडिया ने पांचवां टी20 36 रनों से जीतकर सीरीज पर कब्जा किया।