- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ireland Historic win against South africa in T20I
दो भाईयों की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका को किया पस्त, आयरलैंड ने T20I में रच दिया इतिहास
आयरलैंड ने रॉस अडायर के शतक की मदद से साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था, साउथ अफ्रीका की टीम 185 रन ही बना सकी.
Published On Sep 30, 2024, 07:25 AM IST
Last UpdatedSep 30, 2024, 07:25 AM IST
(Image credit- Cricket Ireland X)
IRE VS SA 2nd T20I: रॉस अडायर के टी-20 करियर के पहले शतक और उनके छोटे भाई मार्क अडायर की घातक गेंदबाजी की मदद से आयरलैंड ने रविवार को इतिहास रच दिया. आयरलैंड ने दूसरे टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका को 10 रन से हराकर दो मैचों की टी-20 सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म किया. रॉस अडायर को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया. साउथ अफ्रीका को पहले टी-20 मैच में आठ विकेट से जीत मिली थी.
दूसरे टी-20 मैच में रॉस अडायर के 58 गेंद में 100 रन (पांच चौके, नौ छक्के) की मदद से आयरलैंड ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था, साउथ अफ्रीका की टीम 185 रन ही बना सकी. गेंदबाजी में रॉस अडायर के भाई मार्क अडायर ने कहर बरपाया और चार विकेट चटकाए.
रॉस अडायर का तूफानी शतक
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. ओपनर बल्लेबाज रॉस अडायर और पॉल स्ट्रीलिंग के बीच 13 ओवर में 137 रन की तूफानी साझेदारी हुई, पॉल स्ट्रीलिंग ने अर्धशतक जड़ा और 31 गेंद में 52 रन (07 चौके और एक छक्का) बनाकर आउट हुए. रॉस अ़डायर ने टी-20 करियर का पहला शतक लगाया, जिससे आयरलैंड की टीम बड़े स्कोर तक पहुंच सकी. जॉर्ज डॉकरेल 20 रन बनाकर नाबाद रहे. हैरी टेक्टर ने पांच रन बनाए, वहीं कर्टिस कैंफर खाता नहीं खोल सके. आखिरी तीन ओवर में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके. साउथ अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर ने दो विकेट लिए.
मार्क अडायर और ग्राहम ह्यूम ने गेंद से बरपाया कहर
मार्क अडायर और ग्राहम ह्यूम की घातक गेंदबाजी के आगे साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन ही बना सकी. रीजा हेंड्रिक्स (51) और मैथ्यू ब्रीट्ज़के (51) ने अर्धशतक जड़ा, वहीं रयान रिकेल्टन ने 36 रन बनाए. साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर के तीन बल्लेबाजों को छोड़कर कोई और बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. कप्तान एडन मारक्रम ने 08 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 09 रन बनाए. आयरलैंड के लिए मार्क अडायर ने चार ओवर में 31 रन देकर चार विकेट लिए. वहीं ग्राहम ह्यूम ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए.