जीत के बावजूद कप्तान असगर बोले- हम फिनिश अच्छे से नहीं कर पाए
अफगानिस्तान ने दूसरेे टी-20 में आयरलैंड को 81 रन से हराया।
Published On Aug 23, 2018, 04:37 PM IST
Last UpdatedAug 23, 2018, 04:37 PM IST
Asghar Afghan © AFP
आयरलैंड के खिलाफ दूसरा टी-20 मुकाबला जीतने के बावजूद अफगानिस्तान टीम के कप्तान असगर अफगान का कहना है कि अच्छी साझेदारी होने के बावजूद उनकी टीम अच्छा फीनिश नहीं कर सकी।
अफगानिस्तान ने बुधवार रात खेले गए सीरीज के दूसरे टी-20 मुकाबले में आयरलैंड को 81 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। अफगानिस्तान की टीम तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है।
इस मुकाबले में ओपनर हजरातुल्लाह ने 82 जबकि असगर ने 37 रन बनाए। जीत के बाद असगर ने कहा, ‘ हम आज सीरीज जीत गए। हमारे लिए ये मैच अहम था। हमारा लक्ष्य 140 से ज्यादा रन बनाने का था। खुशकिस्मत रहे कि हमने 160 रन बनाए। हमने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। खुद मैं और जजई ने अच्छी साझेदारी की लेकिन हम फिर फिनिश अच्छे तरीके से नहीं कर पाए। हालांकि ऐसी चीजें होती रहती हैं लेकिन हमें इससे जल्दी सीखने की जरूरत है।’
स्पिनर राशिद खान ने झटके चार विकेट
अफगानिस्तान के उदीयमान लेग स्पिनर गेंदबाज राशिद खान ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने तीन ओवर में 17 रन खर्च कर कुल 4 विकेट लिए। इसके अलावा युवा गेंदबाज मुजीब उर रहमान ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। मुजीब ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।