रिहाना और ग्रेटा थनबर्ग के समर्थन में उतरे Irfan Pathan, ट्वीट कर कही यह बात
पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने किसान आंदोलन को मिल रहे विदेशी समर्थन पर अपनी कुछ ऐसी राय रखी है.
Published On Feb 04, 2021, 05:25 PM IST
Last UpdatedFeb 04, 2021, 05:25 PM IST
भारत में चल रहे किसान आंदोलन (Kisan Andolan) पर खेल जगत भी अब बंटता दिखाई दे रहा है. दरअसल बुधवार को कुछ विदेशी हस्तियों ने भारत में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में ट्वीट किए थे. इसके बाद भारतीय खेल जगत की हस्तियों ने इन विदेशी हस्तियों को टि्वटर पर जवाब दिया था. भारतीय खिलाड़ियों ने इन लोगों को जवाब देते हुए कहा था कि हमारा देश अपने अंदरुनी मसलों को सुलझाना जानता है और किसान इस देश का गौरव हैं ऐसे में सरकार जल्दी ही उनके मुद्दों का हल तलाश लेगी. विदेशी लोगों को भारत के आंतरिक मामलों में रुचि लेने की जरूरत नहीं हैं. लेकिन अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान (Irfan Pathan) ने इशारों ही इशारों में इन विदेशी हस्तियों को अपना समर्थन दिया है.
इरफान पठान ने गुरुवा को एक ट्वीट किया, ‘जब अमेरिका में एक पुलिसवाले द्वारा जॉर्ज फ्लॉयड (अश्वेत नागरिक) की हत्या की गई थी, तब हमारे देश ने भी इस पर अपना दुख जताया था.’ इसके साथ ही उन्होंने हैश टैग #Justsaying का इस्तेमाल किया है.
When George Floyd was brutally murdered in the USA by a policeman,our country rightly expressed our grief. #justsaying
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) February 4, 2021
वैसे इरफान ने डायरेक्ट तो यहां किसी का नाम नहीं लिखा है लेकिन ताजा मामलों से जोड़कर इसे देखें तो वह इशारों ही इशारों में यह कह रहे हैं कि जो विदेशी हस्तियां भारत में जारी किसान आंदोलन पर अपनी चिंता जता रही हैं. इसमें कुछ भी गलत नहीं हैं.
बुधवार को मशहूर पॉप सिंगर रिहाना (Rihanna), जलवायु परिवर्तन पर काम करने वाली ग्रेटा थनबर्ग (Greta Thunberg) और फिल्मी अदाकारा मियां खलीफा (Mia Khalifa) समेत कई हस्तियों ने इस पर ट्वीट कर समर्थन किया था, जिसके बाद महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) , भारत के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) समेत कई खिलाड़ियों ने इस पर अपना विरोध जताया था.

इरफान ने अलावा पंजाब के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा (Sandeep Sharma) ने भी ऐसा ही ट्वीट किया है. IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाड़ी संदीप शर्मा ने किसानों को समर्थन देने वाली इंस्टाग्राम की एक पोस्ट ट्वीट करते हुए लिखा, ‘इस तर्क से तो किसी को भी किसी की चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि हर स्थिति किसी दूसरे का आंतरिक मामला है.’ हालांकि बाद उन्होंने अपना यह ट्वीट और इंस्टाग्राम पोस्ट दोनों डिलीट कर दिए.