इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रा कराने में कामयाब रहा न्यूजीलैंड, 1-0 से सीरीज की अपने नाम
इंग्लैंड उस समय जीत से सिर्फ चार विकेट दूर था जब चाय से पहले दूसरी नई गेंद ली गई, लेकिन वे सिर्फ एक ही विकेट ले सका।
Published On Apr 03, 2018, 01:47 PM IST
Last UpdatedApr 03, 2018, 01:47 PM IST
क्राइस्टचर्च: पुछल्ले बल्लेबाज ईश सोढी और नील वैगनर ने दूसरा क्रिकेट टेस्ट नाटकीय ढंग से ड्रा कराया जिससे न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड उस समय जीत से सिर्फ चार विकेट दूर था जब चाय से पहले दूसरी नई गेंद ली गई लेकिन वे सिर्फ एक ही विकेट और ले सके। कॉलिन डे ग्रैंडहोम के रूप में न्यूजीलैंड ने सातवां विकेट गंवाया जिसके बाद इस जोड़ी ने 188 गेंद में 37 रन ही जोड़े, लेकिन उस समय आल आउट होने से बचना अहम था । न्यूजीलैंड ने आठ विकेट पर 256 रन बनाए । वैगनेर सात रन बनाकर आउट हुए जब खराब रोशनी के कारण खेल आठ गेंद पहले ही खत्म करना पड़ा।
इस ड्रा से न्यूजीलैंड ने ये सीरीज 1-0 से जीत ली। पहला टेस्ट उसने एक पारी और 49 रन से जीता था। इस हार के साथ ही इंग्लैंड का विदेशी सरजमीं पर जीत से महरूम रहने का सिलसिला अब 13 टेस्ट का हो गया । सोढी ने 168 गेंद में 50 रन बनाए जबकि वैगनेर ने 103 गेंद खेलकर सात रन बनाए । सुबह स्टुअर्ट ब्राड ने पहली दो गेंद पर जीत रावल और केन विलियमसन को आउट करके न्यूजीलैंड को हार की कगार पर धकेल दिया था। इसके बाद नियमित अंतराल पर मेजबान विकेट गिरते रहे । रोस टेलर ने ब्राड को हैट्रिक नहीं बनाने दी लेकिन 13 रन बनाकर आउट हो गए।
इसी मैच में ही इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस मैच में उन्होंने अपने टेस्ट करियर की 30,020 वीं गेंद डाली। इसके साथ ही वो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा गेंद डालने वाले सीम गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज के कोर्टनी वाल्श साल 2001 में क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने से पहले 30,019 गेंद डाल चुके हैं। एंडरसन को उनके रिकॉर्ड को तोड़ने में 17 साल का समय लगा।