add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND VS NZ: ईशान किशन का तूफानी शतक, अर्शदीप का 'पंजा', भारत ने T20I सीरीज पर 4-1 से किया कब्जा

ईशान ने 43 गेंद में 103 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दस छक्के शामिल थे. यह उनके टी-20 इंटरनेशनल का पहला शतक है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 31, 2026 11:09 PM IST

IND VS NZ 5th T20I: ईशान किशन के शानदार शतक से भारत ने न्यूजीलैंड को शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मैच में 46 रन से हराकर सीरीज पर 4-1 से कब्जा कर लिया.

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 272 रन का विशाल टारगेट रखा था, न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ढेर हो गई. न्यूजीलैंड के लिए फिन एलन ने 38 बॉल में सबसे ज्यादा 80 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पंजा खोला और चार ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए. अक्षर पटेल को तीन सफलता मिली. ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. वहीं सूर्य कुमार यादव प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सूर्यकुमार- ईशान के बीच 137 रन की साझेदारी

ईशान ने 43 गेंद में 103 रन बनाये जिसमें छह चौके और दस छक्के शामिल थे. यह टी20 प्रारूप में उनका पहला शतक है. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंद में चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 63 रन की पारी खेली, दोनों ने करीब दस ओवर में 137 रन की साझेदारी की.

संजू सैमसन का फ्लॉप शो, अभिषेक ने किया निराश

इस सीरीज में लगातार पांचवीं बार नाकाम रहे सैमसन (छह) की टी20 विश्व कप की उम्मीदों को करारा झटका लगा है. वह लॉकी फर्ग्युसन की गेंद पर आउट हुए. अभिषेक शर्मा (16 गेंद में 30 रन ) ने शुरूआत तो अच्छी की लेकिन फर्ग्युसन की तेज रफ्तार गेंद पर विकेट गंवा बैठे ।

भारत का स्कोर पावरप्ले के बाद दो विकेट पर 54 रन था, इसके बाद सूर्यकुमार और ईशान ने मोर्चा संभाला. चोट के कारण चौथे टी20 से बाहर रहे ईशान ने मैदान के चारों ओर स्ट्रोक्स लगाए. उन्होंने फर्ग्युसन को एक्स्ट्रा कवर पर छक्का और चौका लगाकर दबाव बना दिया.

ईशान ने सोढी के ओवर में ठोके 29 रन

ईशान ने ईश सोढी को चौका लगाकर अपना अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा किया । वहीं टी20 क्रिकेट में तीन हजार रन पूरे करने वाले सूर्यकुमार ने जैकब डफी को छक्का लगाकर 26 गेंद में पचासा पूरा किया. ईशान ने भी टी20 क्रिकेट में एक हजार रन पूरे कर लिए. उन्होंने सोढी को 12वें ओवर में चार चौके और दो छक्के लगाकर 29 रन दिए. इस बीच सूर्यकुमार को बायें हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनेर की गेंद पर टिम सीफर्ट ने स्टम्प आउट किया.

ईशान ने 42 गेंदों में जड़ा शतक

ईशान ने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और सेंटनेर को छक्का लगाकर इस आंकड़े को छुआ. उन्होंने दूसरा अर्धशतक सिर्फ 14 गेंद में पूरा कर डाला. डफी की गेंद पर हालांकि वह स्क्वेयर लेग में ग्लेन फिलिप्स को कैच देकर लौटे. यह उनके टी-20 इंटरनेशनल का पहला शतक भी है.

हार्दिक पांड्या ने भी खेली तूफानी पारी

पंड्या ने आखिरी ओवरों में 17 गेंद में 42 रन (01 चौके, 04 छक्के) बनाकर भारत को उसके टी20 इतिहास में चौथी बार 250 रन के पार पहुंचाया.

अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी न्यूजीलैंड की टीम, अर्शदीप का ‘पंजा’

न्यूजीलैंड की टीम ने टिम शेफर्ट (05) का जल्दी विकेट गंवा दिया. इसके बाद फिन एलन और रचिन रविंद्र ने धमाकेदार पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने आठ ओवर में 100 रन की साझेदारी की. न्यूजीलैंड ने आठ ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया. रचिन रविंद्र 17 बॉल में 30 रन की पारी खेलकर अर्शदीप सिंह का दूसरा शिकार बने. फिन एलन ने 38 बॉल में 80 रन की पारी में 08 चौके और 06 छक्के लगाए. इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. डेरेल मिशेल ने 12 बॉल में 26 रन और ईश सोढ़ी ने 15 बॉल में 33 रन की पारी खेली. अर्शदीप सिंह ने टी-20 इंटरनेशनल में पहला ‘पंजा’ खोला. अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट अपने नाम किए. वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को एक-एक सफलता मिली.