add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 WC 2026: ईशान की तूफानी पारी, हार्दिक ने गेंद और बल्ले से मचाया धमाल, भारत ने नामीबिया को हराया

भारत ने नामीबिया के सामने जीत के लिए 210 रन का टारगेट रखा था, नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 12, 2026 11:04 PM IST

IND VS NAM: सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तूफानी अर्धशतक (24 बॉल में 61 रन) और हार्दिक पंड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन (28 बॉल में 52 रन और दो विकेट) से भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है. भारत की टी-20 वर्ल्ड कप में रनों की लिहाज की यह सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत ने इंग्लैंड को टी-20 वर्ल्ड कप में 90 रन से हराया था. इस जीत के साथ भारत का सुपर 8 में स्थान लगभग पक्का हो गया है.

भारत ने नामीबिया के सामने जीत के लिए 210 रन का टारगेट रखा था, नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई. हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. नामीबिया की ओर से सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप (29) और जेन फ्राइलिंक (22) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया, टीम ने अपने अंतिम आठ विकेट सिर्फ 30 रन जोड़कर गंवाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

15 फरवरी को पाकिस्तान से अगला मुकाबला

इशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद में 79 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जबकि पंड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया. भारतीय टीम अब अपना अगला मैच 15 फरवरी को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी जिस पर सभी की नजरें टिकी होंगी. पाकिस्तान की सरकार ने शुरुआत में भारत के खिलाफ इस मैच के बहिष्कार का फैसला किया था लेकिन बाद में अपनी टीम को इस मैच में खेलने की इजाजत दे दी.

अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी नामीबिया की टीम

लक्ष्य का पीछा करने उतरे नामीबिया ने पावर प्ले में एक विकेट पर 57 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. फ्राइलिंक ने पंड्या पर चौका और छक्का मारने के बाद अर्शदीप सिंह पर भी लगातार दो चौके जड़े लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर डीप मिडविकेट पर दुबे को कैच दे बैठे, स्टीनकैंप ने छठे ओवर में अर्शदीप पर दो चौके और एक छक्के से 17 रन बटोरे. चक्रवर्ती ने पहली ही गेंद पर स्टीनकैंप को बोल्ड करके नामीबिया को दूसरा झटका दिया. कप्तान इरास्मस ने अक्षर पटेल का स्वागत मिडविकेट पर दो छक्कों के साथ किया लेकिन जेन निकोल लॉफ्टी ईटन (13) चक्रवर्ती की गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑफ पर अक्षर के हाथों लपके गए.

चक्रवर्ती ने एक गेंद बाद जेजे स्मिट (00) को भी बोल्ड किया. इरास्मस (18) भी अक्षर के अगले ओवर में लॉन्ग ऑफ पर तिलक को आसान कैच दे बैठे जबकि बाएं हाथ के इस स्पिनर के अगले ओवर में मलान क्रूगर (05) ने शार्ट फाइन लेग पर बुमराह को कैच थमाया जिससे नामीबिया का स्कोर दो विकेट पर 86 रन से छह विकेट पर 94 रन हो गया.

नामीबिया को अंतिम पांच ओवर में 105 रन की दरकार थी और टीम इस स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंच सकी. रूबेन ट्रंपलमैन (06) को बुमराह ने बोल्ड किया जबकि पंड्या ने बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (04) और बेन शिकोंगो (00) की पारी का अंत किया. पारी का 17वां ओवर खत्म होने के बाद एक दर्शक मैदान में घुस आया जिससे सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला. दुबे की गेंद पर जेन ग्रीन (11) के हिट विकेट होने से भारत ने जीत दर्ज की.

गेरहार्ड इरास्मस ने चटकाए चार विकेट

इससे पहले कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (चार ओवर में 20 रन पर चार विकेट) और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (चार ओवर में 41 रन पर एक विकेट) की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करके भारत की रन गति पर अंकुश लगाया. भारत ने सात ओवर में एक विकेट पर 104 बना लिए थे लेकिन अंतिम 13 ओवर में टीम 105 रन ही जोड़ सकी.

संजू सैमसन ने फिर किया निराश

इरास्मस ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। संजू सैमसन (22) ने रूबेन ट्रंपलमैन (बिना विकेट के 38 रन) पर छक्के से खाता खोला और फिर बेन शिकोंगो (41 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। वह हालांकि शिकोंगो की अगली गेंद को डीप मिडविकेट पर लॉरेन स्टीनकैंप के हाथों में खेल गए.

ईशान ने 20 बॉल में जड़ा अर्धशतक

इशान ने जेजे स्मिट (50 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया जबकि शिकोंगो की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए. तिलक ने भी ट्रंपलमैन पर दो चौके मारे. इशान ने छठे ओवर में स्मिट की लगातार गेंदों पर चार छक्के और एक चौके से 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 86 रन बनाए. तिलक 19 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मैक्स हेइंगो की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर स्टीनकैंप ने उनका कैच टपका दिया.

भारत ने 6.5 ओवर में पूरा किया रनों का शतक

इशान ने हेइंगो की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 6.5 ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया जो पुरुष टी20 विश्व कप में किसी भी टीम का सबसे तेज शतक है. ऑफ स्पिनर इरास्मस ने पहली ही गेंद पर इशान को डीप मिडविकेट पर शिकोंगो के हाथों कैच कराके नामीबिया को बड़ी सफलता दिलाई.

कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 13 गेंद में 12 रन बनाने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर स्कोल्ट्ज की गेंद पर विकेटकीपर जेन ग्रीन के हाथों स्टंप हो गए. तिलक भी इसके बाद इरास्मस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर स्मिट के हाथों लपके गए जिससे 12वें ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 124 रन हो गया. दुबे और पंड्या ने 15वें ओवर में स्कोल्ट्ज पर एक-एक छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.

हार्दिक ने भी खेली तूफानी पारी

हार्दिक ने शिकोंगो की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे, उन्होंने 19वें ओवर में इरास्मस पर छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक और टीम के 200 रन पूरे किए. वह हालांकि अगली गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच देकर पवेलियन लौट गए. दुबे अगली गेंद पर रन आउट हुए जबकि इरास्मस ने इसी ओवर में अक्षर पटेल (00) को भी बोल्ड किया, रिंकू सिंह भी एक रन बनाकर स्मिट का शिकार हुए जबकि अर्शदीप सिंह (02) अंतिम गेंद पर रन आउट हुए.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/