×

टीम इंडिया से बाहर रहने पर पहली बार ईशान ने तोड़ी चुप्पी, कहा...

ईशान किशन को कभी महेंद्र सिंह धोनी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था. पर झारखंड के इस बल्लेबाज का अंतरराष्ट्रीय करियर अभी तक वह रफ्तार हासिल नहीं कर पाया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 19, 2025 12:39 PM IST

नई दिल्ली: ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता है. ईशान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया. इसके साथ ही गुरुवार को फाइनल में हरियाणा के खिलाफ सेंचुरी लगाकर उन्होंने टीम को जीत दिलाई. वह खिताबी मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच रहे. हालांकि ईशान टीम इंडिया से बाहर हैं. और घरेलू टीम के चैंपियन बनने के बाद उन्होंने पहली बार इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

ईशान किशन ने कहा, ‘मैं अच्छा प्रदर्शन कर रहा था, इसलिए जब मेरा सिलेक्शन भारतीय टीम में नहीं हुआ, तो मुझे बहुत बुरा लगा. मैंने सोचा कि शायद मुझे और मेहनत करनी होगी. मुझे अपनी टीम को जीत दिलानी होगी. हमें एक टीम के रूप में अच्छा करना होगा. निराशा पीछे ले जाएगी, इसलिए हमेशा कड़ी मेहनत जारी रखनी होगी और खुद पर भरोसा बनाए रखना होगा. मेरा काम बस अच्छा प्रदर्शन करते रहना है.’

ईशान ने अपनी कप्तानी में झारखंड को चैंपियन ही नहीं बनाया है, बल्कि वे टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर भी रहे हैं. ईशान ने 10 मैचों की 10 पारियों में 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 197.32 की स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 113 रहा.

फाइनल मैच में ईशान किशन ने 49 गेंद पर 101 रन की पारी खेली. उन्होंने 10 छक्के और छह चौके लगाए. उनकी पारी की मदद से टीम ने 3 विकेट पर 262 रन का स्कोर बनाया. यह स्कोर हरियाणा के लिए काफी मुश्किल रहा. हरियाणा ने 10वां ओवर खत्म होते-होते अपने पांच विकेट खो दिए थे. इसके बाद टीम के लिए 263 बहुत दूर था. आखिर में हरियाणा की टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर ऑल-आउट हो गई.

टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का सिलेक्शन शनिवार को होगा. ईशान विकेटकीपर के साथ ही ओपनर और मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज का विकल्प देते हैं. देखना होगा कि उन्हें टीम में वापसी का मौका मिलता है या नहीं.

TRENDING NOW

भारतीय टीम के लिए 2 टेस्ट, 27 वनडे और 32 टी20 मैच खेल चुके ईशान एशिया कप 2023 जीतने वाली और वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल खेलने वाली टीम इंडिया के सदस्य रहे थे. नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था. यह टी20 मुकाबला था. इसके बाद से ही किशन को भारतीय टीम से ड्रॉप कर दिया गया था. पिछले 2 साल से घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे किशन को राष्ट्रीय टीम में वापसी का इंतजार है.