- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ishan Kishan Tilak varma Shine India beat Zimbabwe by 90 runs in 2nd T20I Match win Series
IND VS ZIM: इशान किशन- तिलक वर्मा का धमाल, टीम इंडिया का T20I सीरीज पर कब्जा
जिम्बाब्वे की टीम भारत के 220 रन के टारगेट के जवाब में 129 रन ही बना सकी. बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की यह पहली सीरीज जीत है.
Published On Jul 25, 2026, 07:58 PM IST
Last UpdatedJul 25, 2026, 07:58 PM IST
Team India Win
IND VS ZIM 2nd T20I: इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक पारी की बदौलत भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी-20 मैच में 90 रन से हराकर टी-20 सीरीज पर कब्जा कर लिया है. जिम्बाब्वे की टीम भारत के 220 रन के टारगेट के जवाब में 129 रन ही बना सकी. बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की यह पहली सीरीज जीत है.
सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को खेला जाएगा.
220 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए. ब्रायन बेनेट (19 बॉल में 32 रन) ने तेज शुरुआत की, मगर वह डेब्यू मैच खेल यश ठाकुर की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. बेन करन (01) प्रिंस यादव का शिकार बने, वहीं डियोन मायर्स (12) का विकेट रवि बिश्नोई के नाम रहा.
कप्तान सिकंदर रजा का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा और वह प्रिंस यादव का दूसरा शिकार बने. सिकंदर रजा खाता भी नहीं खोल सके. वेस्ली मधेवेरे (02) का विकेट शिवम दुबे के नाम रहा. रयान बर्ल (20) ने पारी को संभालने की कोशिश की, मगर वह तिलक वर्मा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. अभिषेक शर्मा ने ब्रैड इवांस (19) और न्यूमैन न्याम्हुरी (03) को अपना शिकार बनाया. तदीवानाशे मारुमनी (24) यश ठाकुर का दूसरा शिकार बने. जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई. अभिषेक शर्मा ने आखिरी बल्लेबाज को आउट कर मैच में अपना तीसरा विकेट हासिल किया.
इशान किशन और तिलक वर्मा का अर्धशतक
इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए.
ईशान किशन- तिलक वर्मा के बीच 94 रन की साझेदारी
किशन ने इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन और फिर तिलक के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा. किशन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद अगली 31 रन केवल 13 गेंदों में बनाकर रनगति को तेज कर दिया. उनकी पारी की खासियत लेग साइड पर लगाए गए दमदार शॉट रहे. उन्होंने ऑफ स्पिनर ब्रायन बेनेट की गेंदों पर मिडविकेट क्षेत्र में लगातार दो चौके जड़े, जबकि तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस के ओवर में दो चौके और एक शानदार छक्का लगाकर दबाव बनाया.
तिलक वर्मा की आक्रामक पारी
तिलक ने भी दूसरे छोर से अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रहे सवालों का करारा जवाब दिया। उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की. तिलक ने जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए। उन्होंने इवांस की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर शानदार छक्का भी जड़ा. भारतीय बल्लेबाजों ने अंतिम पांच ओवरों में 61 रन जोड़कर टीम को 219 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
अभिषेक- वैभव का नहीं चला बल्ला
इससे पहले भारत को शुरुआती झटके अभिषेक शर्मा (आठ) और वैभव सूर्यवंशी (20) के रूप में लगे. अभिषेक मुजरबानी की गेंद पर आसान कैच थमा बैठे। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने रिचर्ड नगरावा के एक ओवर में एक छक्का और तीन चौके लगाकर आक्रमक शुरुआत की लेकिन वह नौ गेंद में 20 रन बनाकर नगरावा की बाउंसर पर आउट हो गए.