×

अर्जुन पुरस्कार मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात: शिखर धवन ने परिवार-दोस्तों के साथ BCCI को दी बधाई

शिखर धवन को शनिवार को खेल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - November 14, 2021 7:36 PM IST

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने अपने परिवार, दोस्तों और राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) समेत उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद किया। 35 साल के धवन को शनिवार को खेल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

धवन ने ट्विटर पर लिखा, “अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं जो इस सफर में मेरे साथ खड़े रहे मेरे कोच, डॉक्टर, सहयोगी स्टाफ, बीसीसीआई, टीम के साथी, सभी प्रशंसक, मेरे दोस्त और मेरा परिवार।”

उन्होंने आगे लिखा, “आप सभी के प्यार और साथ के बिना ये संभव नहीं हो पाता। ये एक बहुत ही अविश्वसनीय अहसास होता है जब आपकी कड़ी मेहनत को सराहा जाता है और मैं सब लोगों का बहुत-बहुत आभार जताना चाहता हूं। मैं अपने देश को गौरवान्वित करने के लिए और कड़ी मेहनत करूंगा। सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई।”

दिल्ली के बल्लेबाज शिखर धवन ने 145 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया हैं और 45.55 की औसत से 17 शतक और 33 अर्धशतक के साथ 6,105 रन बनाए हैं। उनके पास एकदिवसीय क्रिकेट में 2000 और 3000 रन तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय होने का रिकॉर्ड है। वह 50 ओवर के क्रिकेट में 4,000 और 5,000 रन तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय भी हैं।