×

T20 World Cup 2026, IND vs ENG: फाइनल में पहुंचकर क्या बोले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव, न्यूजीलैंड से होगा मुकाबला

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की बैटिंग और फील्डिंग की खूब तारीफ की. उन्होंने इसके साथ ही भारतीय टीम की फील्डिंग का क्रेडिट किसे दिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 6, 2026 12:22 AM IST

मुंबई: भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. लेकिन यह आसान नहीं था. सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को कड़ी चुनौती दी. और आखिर में भारत ने सात रन से मैच अपने नाम किया. जीत के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि यह बहुत करीबी मुकाबला था. सूर्या ने टीम की इस जीत का क्रेडिट गेंदबाजों और फील्डिंग को दिया. सूर्या ने कहा कि फाइनल में पहुंचना एक अविश्वसनीय अहसास है.

भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाने के बाद इंग्लैंड को सात विकेट पर 246 रन पर रोक दिया. सूर्यकुमार ने मैच के बाद जियोहॉस्टार से बातचीत में कहा, ‘यह एक अविश्वसनीय एहसास है. फाइनल के लिए अहमदाबाद जाना खिलाड़ियों के लिए बेहद खास भावना है.’

संजू सैमसन ने खेली कमाल की पारी

उन्होंने टीम के बड़े स्कोर में संजू सैमसन (89) के योगदान की तारीफ करते हुए कहा, ‘सैमसन को जब बल्लेबाजी के लिए उतरना था, तब उन्हें पूरी तरह पता था कि उन्हें क्या करना है. टीम को उनसे उसी प्रदर्शन की जरूरत थी और उन्होंने वैसा ही किया.’

भारतीय टीम ने इतना बड़ा स्कोर बनाया लेकिन इसके बाद भी उसकी जीत आसान नहीं रही. इंग्लैंड की टीम ने जैकब बेथल के शानदार शतक के दम पर अंतिम ओवर तक मुकाबला किया. भारत मैच सिर्फ सात रन से जीता. इस पर सूर्या ने मजाक में कहा कि इस पर उन्होंने हैरी ब्रूक से बात भी की.

आखिरी ओवर तक लड़ता रहा इंग्लैंड

उन्होंने कहा, ‘मैंने हैरी (ब्रूक) से कहा था कि आपके खिलाफ हमें और कितने रन बनाने की जरूरत है. वे हमेशा मुकाबले में बने हुए थे और लक्ष्य का पीछा भी अच्छी तरह कर रहे थे. लेकिन जिस तरह बुमराह, अर्शदीप और बाकी गेंदबाजों ने मैच को वापस हमारी ओर मोड़ा, वह अविश्वसनीय था. यह एक शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन था.’

भारत की फील्डिंग भी रही कमाल

भारत की जीत में उसकी फील्डिंग का अहम योगदान रहा. अक्षर पटेल ने दो कमाल के कैच पकड़े. उन्होंने हैरी ब्रूक का कैच किया और विल जैक्स के कैच में भी अहम भूमिका निभाई. इसके साथ ही पारी के आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या ने सटीक थ्रो से बेथल को रन-आउट किया.

सूर्यकुमार ने अपनी टीम की इस फील्डिंग का कुछ श्रेय फील्डिंग कोच को भी दिया. उन्होंने कहा, ‘हमें अपने फील्डिंग कोच टी. दिलीप को भी थोड़ा क्रेडिट देना होगा. खिलाड़ी शानदार रेस्पॉन्स कर रहे हैं और अतिरिक्त मेहनत कर रहे हैं, जिसका असर मैदान पर दिख रहा है.’ॉ

उन्होंने कहा, ‘मैच के दौरान मैं काफी नर्वस था, उस समय मेरी दिल की धड़कन शायद 160-175 के बीच रही होगी. जब हम मैदान में उतरे, तब स्टेडियम लगभग 80 प्रतिशत भर चुका था. उम्मीद है कि हमने दर्शकों को अच्छा मैच दिया होगा.’

भारत चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है. इससे पहले टीम तीन बार (2007, 2014 और 2024) में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. टीम ने दो बार खिताब जीता है. अगर रविवार 8 मार्च को भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल कर लेती है तो वह तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी.