- क्रिकेट न्यूज़
- News
- It was actually the virat kohli story that inspired me sheldon jackson 3982102
विराट कोहली से प्रेरित इस क्रिकेटर ने फिटनेस लेवल को पहुंचाया नई ऊंचाइयों पर, ठोक डाले 809 रन
पहले मैं सोचता था कि क्रिकेट कौशल से जुड़ा खेल है लेकिन मैं पूरी तरह से गलत था
Published On Mar 26, 2020, 06:35 PM IST
Last UpdatedMar 26, 2020, 06:35 PM IST
सौराष्ट्र को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने अहम भूमिका निभाई. 33 वर्षीय जैक्सन ने रणजी ट्रॉफी में लगातार दूसरे सीजन में 800 से अधिक रन बना ए. जैक्सन ने मौजूदा सीजन में 50.56 की औसत से 809 रन बनाए. भावनगर के इस बल्लेबाज ने कहा कि पिछले 12 महीनों में उन्होंने अपनी फिटनेस में सुधार पर ध्यान दिया जिसका उन्हें फायदा मिला.
विराट कोहली से ली प्ररेणा
जैक्सन ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली से प्रेरणा लेकर अपनी फिटनेस को नए स्तर पर पहुंचाया जिसका फायदा उन्हें रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में मिला जहां उन्होंने रनों का अंबार लगाया. जैक्सन ने 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की तरफ से खेलते हुए देखा था कि कोहली फिटनेस को बहुत अधिक महत्व देते हैं.
COVID-19: शिखर धवन ने देशवासियों से की मदद की अपील, बोले-प्रधानमंत्री राहत कोष में करें डोनेट
उन्होंने कहा, ‘यह असल में विराट की कहानी थी जिससे मुझे प्रेरणा मिली. वे बेहद कुशल बल्लेबाज हैं और अगर उन्हें अब भी लगता है कि उन्हें और फिट होने की जरूरत है तो फिर उनके सामने हमारी क्या बिसात.’ जैक्सन ने स्वीकार किया कि 2013 में वह अपरिपक्व थे लेकिन छह सीजन बाद वह सभी प्रारूपों में सौराष्ट्र के मुख्य बल्लेबाज बन गए.
सामान्य ट्रेनर, दोस्तों ने की मदद
बकौल जैक्सन, ‘जिन लोगों ने मेरी मदद की वे जिम में काम करने वाले सामान्य ट्रेनर थे. मेरे दोस्त थे जिन्होंने अहमदाबाद में मेरी मदद की क्योंकि वे समझ रहे थे कि मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं लेकिन मुझे उसके अनुरूप परिणाम नहीं मिल रहे हैं. पिछले साल तक मैं कुछ भी खा लेता था. सभी तरह के जंक फूड खा लेता था लेकिन उन लोगों (जिम ट्रेनर) ने मुझे सिखाया कि अच्छा प्रदर्शन करने के लिये खाना भी बेहतर खाना होगा. इससे मुझे बहुत फायदा मिला.’
पिछले रणजी सीजन में बनाए थे 854 रन
इस बल्लेबाज ने पिछले सीजन में भी 854 रन बनाए थे लेकिन उन्हें लगा कि फिटनेस के क्षेत्र में अभी उन्हें काफी कुछ करना है. बस इसके बाद वह अपनी फिटनेस सुधारने में लग गए.
जैक्सन ने कहा, ‘पहले मैं सोचता था कि क्रिकेट कौशल से जुड़ा खेल है लेकिन मैं पूरी तरह से गलत था. क्रिकेट कौशल से जुड़ा खेल है लेकिन इसमें बहुत अच्छी फिटनेस की जरूरत पड़ती है क्योंकि अगर आप फिट हैं तो आप दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं जबकि आपका शरीर थक गया हो.’
गौरतलब है क सौराष्ट्र और बंगाल के बीच खेला गया रणजी ट्रॉफी 2019-20 फाइनल मुकाबला ड्रॉ हो गया था लेकिन पहली पारी में बढ़त के आधार पर सौराष्ट्र को विजेता घोषित किया गया.