• Home
  • News
  • It Will All Finish One Day, Virat Kohli Emotional Statement After Scoring Match Winning Century Against KKR in IPL 2026

'एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा', सेंचुरी के बाद विराट कोहली ने की इमोशनल बात, क्रिकेट से प्यार पर क्या बोले?

विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कमाल की सेंचुरी लगाई. उनकी सेंचुरी के दम पर टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की. कोहली ने इस सेंचुरी के बाद बताया कि आखिर इतना सब हासिल करने के बाद भी क्या उन्हें प्रेरित रखता है.

Edited By : Bharat Malhotra |May 14, 2026, 12:28 PM IST

Published On May 14, 2026, 12:28 PM IST

Last UpdatedMay 14, 2026, 12:28 PM IST

Virat Kohli Century in RCB

विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ लगाया शतक

नई दिल्ली: विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में लगातार दो डक बनाए. इसके बाद उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठने लगे. लेकिन बुधवार को कोहली ने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बेहतरीन सेंचुरी लगाई. उनकी सेंचुरी की मदद से टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की. आईपीएल में यह विराट कोहली की 9वीं सेंचुरी थी.

कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद चार विकेट पर 192 रन का स्कोर बनाया. लेकिन विराट कोहली के नाबाद 105 रन की बदौलत आरसीबी ने बहुत आसानी से इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. कोहली ने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड भी बनाए. और उनके बारे में सवाल पूछने पर विराट ने बहुत भावुक होकर जवाब दिया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

स्कोरकार्ड- आईपीएल 2026, मैच-57, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स

कोहली ने 409 पारियों में टी20 क्रिकेट में 14000 रन पूरे किए. यह इस फॉर्मेट में सबसे कम पारियों में इतने रन बनाने का रिकॉर्ड है. गेल ने 423 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था.

क्या है जो कोहली को करता है प्रेरित

मैच प्रजेंटेशन के दौरान कोहली से ईयान बिशप ने पूछा, ‘आपने इस पारी में सबसे कम पारियों में 14000 रन पूरे किए. यह आपका 279वां आईपीएल मैच था. यह किसी भी अन्य खिलाड़ी से ज्यादा हैं. आप इस सबके बारे में क्या सोचते हैं. इतने लंबे वक्त तक खेलने के बाद आपके जेहन में क्या आता है.’

इस पर कोहली ने कहा, ‘सच कहूं तो मुझे बैटिंग से प्यार है. इतना सब होने के बाद भी मुझे बल्लेबाजी पसंद है. यह मेरे दिल की गहराइयों में बसा हुआ है. यह गर्व की बात है कि मैं इस स्तर पर खेल रहा हूं. इस स्तर पर जहां दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेलते हैं उनके साथ खेलना कितने गर्व की बात है. मैंने अपने पूरे जीवन में यही किया है.’

हमेशा अपना दिलोजान लगाकर खेलता हूं…

मैदान पर कोहली हमेशा उत्साहित रहते हैं और खेल के लिए उनका प्यार कमाल का है. विकेट हासिल करने पर कई बार गेंदबाज खुद इतना खुश नहीं होता जितना कोहली खुश होते हैं. कोहली ने भी कहा कि वह जब मैदान पर होते हैं तो अपना खुद को पूरी तरह झोंक देते हैं. 37 वर्षीय इस बल्लेबाज ने कहा, ‘क्रिकेट एक ऐसी चीज है जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं. मैं चाहे बल्लेबाजी कर रहा हूं या फील्डिंग, अपना दिल-ओ-जान देता हूं. क्योंकि आखिरकार यह एक दिन खत्म हो जाएगा. मैं मैदान पर हर दिन का पूरा फायदा उठाना चाहता हूं. तो मैं उसे इन्जॉय करना चाहता हूं.’

‘मुझे दबाव में खेलना पसंद हैं’

कोहली को चेज मास्टर कहा जाता है. उन्हें रनों का पीछा करना पसंद है. यह आईपीएल में भी रनों का पीछा करते हुए उनकी तीसरी सेंचुरी थी. सिर्फ जोस बटलर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएल में इतने शतक लगाए हैं. दबाव वाली स्थिति के बारे में विराट ने कहा, ‘मैं दबाव वाली स्थितियों में रहना चाहता हूं. ऐसी जगह रहना चाहता हूं जहां मुझे प्रेशर हो ताकि मैं खुद को चुनौती दे सकूं. मैं खुद से कह सकूं कि चलो इस लक्ष्य को हासिल करते हैं. यह आपको बेहतर खिलाड़ी बनाता है, जब आप वहां पहुंचते हैं तो अच्छा लगता है. और खेल आपके व्यक्तित्व में सुधार लाता है. और जब आप दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो इससे धीरे-धीरे आपके चरित्र का निर्माण होता है.’

कोहली ने कहा कि इतने साल खेलने के बाद भी उनके सबसे अहम बात खेल के लिए उनका प्यार है. और वही उन्हें प्रेरित करता है, उन्होंने कहा, ‘और मेरे लिए इतने साल बाद और इतने आंकड़े, जो भी आपने कहे तो मेरे लिए यह सिर्फ खेल के लिए प्यार की बात है. मैं गेंद को बल्ले के बीच में हिट करने को प्यार करता हूं तो यह खुशी हमेशा रहेगी. यह ईश्वर का आशीर्वाद है और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं. ‘

इस जीत के साथ ही आरसीबी अब अंक तालिका में चोटी पर पहुंच गई है. उसके 16 अंक हो गए हैं. और प्लेऑफ में उनका पहुंचने का दावा बहुत मजबूत है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राह अब मुश्किल हो गई है. केकेआर अब अधिक-से-अधिक 15 अंकों तक पहुंच सकती है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick