add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: दो सदी बाद गुमनामी से निकल रहा है इटली का क्रिकेट, वैश्विक मंच पर छाने को तैयार

इटली की क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही है. देश में क्रिकेट की जड़ें पुरानी हैं लेकिन यह खेल कभी जनमानस को बहुत ज्यादा लुभा नहीं पाया. पर अब यह तस्वीर बदल सकती है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 3, 2026 3:45 PM IST

बेंगलुरु: जब इटली की बात होती है तो तेज रफ्तार फरारी और खेलों में फुटबॉल का जिक्र आता है. लेकिन इस देश में क्रिकेट की जड़ें भी बहुत पुरानी हैं. 18वीं में इस खेल की शुरुआत यहां हो गई थी. लेकिन गेंद और बल्ले का खेल कभी आम लोगों के बीच गहरी पैठ नहीं बना पाया. यह वहां हाशिए पर रहा. लेकिन अब इस देश में यह खेल गुमनामी से बाहर निकलने की राह पर है. इटली की टीम वैश्विक टूर्नामेंट में भाग ले रहा है.

वेन मैडसन की अगुवाई वाली इटली की टीम आगामी टी20 विश्व कप में छाप छोड़ने के लिए तैयार है. और यह सिर्फ कहने भर की बात नहीं है. टीम इसके लिए तैयारी भी कर रही है. उसका काम सिर्फ बयानबाजी तक ही सीमित नहीं है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इटली ने आयरलैंड के खिलाफ हासिल की है जीत

पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में टीम ने चार विकेट से जीत हासिल की. यह टेस्ट खेलने वाले किसी देश के खिलाफ इटली की पहली जीत थी. अब यह भी गजब संयोग था कि इटली की इस ऐतिहासिक जीत में केविन ओ’ब्रायन की अहम भूमिका थी. और केविन आयरलैंड के बड़े ऑलराउंडर रहे हैं. इटली ने ओब्रायन के अलावा कनाडा के पूर्व बल्लेबाज जॉन डेविसन को मुख्य कोच के रूप में अपने सहयोगी स्टाफ में शामिल किया है.

इंग्लैंड के लिए 25 वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच तथा वारविकशर के लिए 209 फर्स्ट क्लास के मैच खेलने वाले डौगी ब्राउन टीम के दूसरे सहायक कोच हैं.

क्या कहा इटली के कोच ने, आईसीसी ने आयोजित किया शिविर

इटली क्रिकेट महासंघ (आईसीएफ) की अध्यक्ष लोरिया हाज़ पाज़ के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा, ‘हमारे सहयोगी स्टाफ के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है और वे जानते हैं कि विश्व कप में खेलने के लिए क्या जरूरी होता है. यह हमारे लिए वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण है. हमारे युवा खिलाड़ी उनसे इस तरह की बड़ी प्रतियोगिताओं में दबाव झेलने के लिए काफी कुछ सीख सकते हैं. उम्मीद है कि हमारी टीम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी.’

पिछले साल 11 जुलाई को आईसीसी के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करना इटली क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण था. लेकिन वह इस सफलता पर संतुष्ट होकर बैठने को तैयार नहीं था.

कैसा है इटली का शेड्यूल

बनामतारीखमैदानसमय
स्कॉटलैंड9 फरवरी, 2026कोलकाता11:00 AM
नेपाल12 फरवरी, 2026मुंबई3:00 PM
इंग्लैंड16 फरवरी, 2026कोलकाता3:00 PM
वेस्टइंडीज19 फरवरी, 2026कोलकाता11:00 AM

आईसीएफ ने पिछले साल नवंबर से खिलाड़ियों के कौशल को निखारने के लिए दुबई और श्रीलंका में शिविरों का आयोजन किया.

डेविसन ने कहा, ‘सबसे अहम बात यह स्वीकार करना था कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है. इन शिविर से टीम को काफी फायदा हुआ क्योंकि यहां की परिस्थितियां भारतीय परिस्थितियों से काफी हद तक मिलती-जुलती थीं. इससे खिलाड़ियों को यह पता चला कि विश्व कप में उनसे क्या उम्मीद की जा रही है. इससे उन्हें विश्व कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता के लिए मानसिक रूप से तैयार होने में भी मदद मिली.’

उलटफेर के भरोसे है इटली की टीम

इटली की टीम को उम्मीद है कि वह ग्रुप सी के अपने पहले दो मैचों में स्कॉटलैंड (जिसने बांग्लादेश की जगह ली है) और नेपाल के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेगी. इसके बाद उसे पूर्व चैंपियन इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा. पिछले साल यूरोपीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता में इटली ने स्कॉटलैंड को हराया था और वे इस बार भी वैसा ही प्रदर्शन दोहराने की कोशिश करेंगे.

कैसी है इटली की टीम…

नेतृत्व को लेकर चली खींचतान के कारण पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो बर्न्स को टीम से बाहर किए जाने के बावजूद इटली अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है.

इटली की टीम में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जेजे स्मट्स आक्रामक बल्लेबाज के रूप में मध्य क्रम को मजबूत बनाते हैं. उनकी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी भारतीय पिचों पर काफी उपयोगी साबित हो सकती है.

कप्तान मैडसन 42 वर्ष के हैं और उनके पास दुनिया भर की टी20 लीगों में खेलने का अनुभव है. इसी तरह का अनुभव मैनेंटी बंधुओं बेन और हैरी के पास भी है, जो बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेलते रहे हैं. इटली ने सोमवार को चेन्नई में खेले गए अभ्यास मैच में कनाडा को 10 विकेट से हराया था जिसमें स्मट्स और हैरी मैनेंटी ने अहम भूमिका निभाई.

इटली की टीम: वेन मैडसन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान पिएरो मीडे, ज़ैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका.

एजेंसी- पीटीआई

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/