IND vs ENG: इंग्लैंड के स्पिनर जैक लीच चोट के कारण सीरीज से हुए बाहर

जैक लीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी 3 टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं. जैक लीच को पहले टेस्ट के दौरान घुटने में चोट लगी थी.

Edited By : Vanson Soral |Feb 11, 2024, 02:57 PM IST

Published On Feb 11, 2024, 02:57 PM IST

Last UpdatedFeb 11, 2024, 02:57 PM IST

JACK LEACH

Image Credit: X

IND vs ENG: भारत दौरे पर इंग्लैंड टीम को तगड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के स्पिनर जैक लीच (Jack Leach) भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाकी 3 मैचों से बाहर हो गए हैं. जैक लीच बाएं घुटने की चोट के कारण आखिरी 3 टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाएंगे. लीच को हैदराबाद में इंग्लैंड की पहली टेस्ट जीत के दौरान चोट लगी थी और परिणामस्वरूप वे विजाग में दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे.

रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं

वह अगले 24 घंटों में अबू धाबी से इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेंगे, जहां इंग्लैंड की टीम गुरुवार से शुरू होने वाले राजकोट में तीसरे टेस्ट से पहले रुकी हुई है. लीच अपने पुनर्वास के संबंध में इंग्लैंड और समरसेट मेडिकल टीमों के साथ मिलकर काम करेंगे. इंग्लैंड की टीम ने फिलहाल जैक लीच के रिप्लेसमेंट को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है. इससे संकेत मिलता है कि टॉम हार्टले, रेहान अहमद और शोएब बशीर की स्पिन तिकड़ी ही बचे हुए दौरे में जारी रहेगी. जो रूट इंग्लैंड के चौथे स्पिन विकल्प हैं. 32 वर्षीय लीच के नाम 36 टेस्ट में 126 विकेट हैं और वह निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर लेते हैं।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हाल ही में भारत ने आखिरी के 3 टेस्ट मैचों के लिए अपनी टीम का ऐलान किया जिसमें विराट कोहली का नाम शामिल नहीं था. कोहली निजी वजहों से पूरी सीरीज से हट गए हैं. कोहली पहले 2 टेस्ट मैचों में भी नहीं खेले थे. श्रेयस अय्यर भी बाकी सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. हालांकि श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा की चोट के बाद टीम में वापसी हुई है लेकिन उनके खेलने के लिए मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी की दरकार होगी.

बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘विराट कोहली व्यक्तिगत कारणों से सीरीज के बचे हुए मैचों के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. बोर्ड कोहली के फैसले का पूरा सम्मान और समर्थन करता है.’’ कोहली इस समय पारिवारिक कारणों से विदेश में हैं. अभी सीरीज 1-1 से बराबरी पर है. तीसरा मैच 15 फरवरी से राजकोट में शुरू होगा.

टीम इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर ,कुलदीप यादव,मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और आकाश दीप.

इंग्लैंड टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, शोएब बशीर, हैरी ब्रुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, बेन फॉक्स, टॉम हार्टले, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, मार्क वुड.

Editor's Pick