- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Jaiswal and Kuldeep Yadav IN for 2nd ODI India predicted 11 Against Afghanistan
अफगानिस्तान से मुकाबला, बड़ी दूर हैं निगाहें- दूसरे मैच में टीम इंडिया में होंगे बड़े बदलाव
भारत ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित मैच में आसान जीत दर्ज करके तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है और दूसरे मैच में जीत हासिल करने पर उसे अजेय बढ़त मिल जाएगी
Published On Jun 16, 2026, 03:11 PM IST
Last UpdatedJun 16, 2026, 03:11 PM IST
IND VS AFG
नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच बुधवार को खेला जाएगा. भारतीय टीम अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर चुकी है. और इसी वजह से इस दूसरे वनडे के लिए कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है.
भारत ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित मैच में आसान जीत दर्ज करके तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है और दूसरे मैच में जीत हासिल करने पर उसे अजेय बढ़त मिल जाएगी. भारतीय टीम हालांकि इससे कहीं आगे की सोच रही है. सीरीज का यह दूसरा मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर खेला जाएगा.
भारत ने शुरू कर दी है वर्ल्ड कप की तैयारियां
भारत को विश्व कप पहले से पहले लगभग दो दर्जन मैच खेलने हैं और टीम प्रबंधन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह विभिन्न संयोजनों को आजमाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा सीरीज इस मायने में बहुत अहम है.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले मैच से पहले कहा, ‘हमारा सारा ध्यान अलग-अलग संयोजन आजमाने और यह देखने पर है कि हमारे लिए वास्तव में क्या कारगर साबित होगा.’
कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका
कुलदीप की हालिया कुछ मैचों में फॉर्म अच्छी नहीं रही है लेकिन उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें मौका दिया जा सकता है क्योंकि वह बीच के ओवरों में खेल पर नियंत्रण बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं. बाएं हाथ का यह स्पिनर दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में नियमित रूप से खेला, लेकिन उसके बाद से उनके फॉर्म में गिरावट आई है.
कुलदीप आईपीएल में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे तथा अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जहां वे लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते दिखे. इसके अलावा आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के साथ-साथ एशियाई खेलों के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में भी उनका चयन नहीं हुआ.
वाशिंगटन सुंदर क्यों पड़ते हैं भारी
मुख्य कोच गौतम गंभीर बहुमुखी प्रतिभा वाले क्रिकेटरों को अहमियत देते हैं. वह ऑलराउंडर की बल्लेबाजी क्षमता पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का टीम में होना निश्चित हो जाता है.
इसका मतलब है कि पिछले मैच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले हर्ष दुबे की जगह कुलदीप को मौका मिल सकता है. दुबे ने पिछले मैच में तीन विकेट लिए थे. भारतीय गेंदबाजों ने पहले मैच में अनुशासित प्रदर्शन किया था और वह इसे जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध होंगे.
गुरनूर ने किया था प्रभावित, प्रिंस यादव को मिल सकता है मौका
तेज गेंदबाजी विभाग में डेब्यू करने वाले एक और खिलाड़ी गुरनूर बराड़ ने प्रभावित किया और उन्हें संभवतः एक और मैच खेलने का मौका दिया जाएगा. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को ऐसे में अपने मौके का इंतजार करना पड़ सकता है.
विराट कोहली के मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सीरीज से बाहर होने के बाद तीसरे नंबर का स्थान खाली पड़ा है. पहले मैच में इस नंबर पर ईशान किशन को प्राथमिकता दी गई थी, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज जायसवाल ने भी पिछले कुछ महीनों में अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम प्रबंधन उन्हें मौका दे सकता है.
पहले मैच में सस्ते में रन आउट होने वाले अनुभवी रोहित शर्मा बड़ा प्रभाव डालने की कोशिश करेंगे. जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो उसके बल्लेबाजों को सामूहिक रूप से अच्छा प्रदर्शन करना होगा. पहले वनडे में सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने आक्रामक शतक लगाया लेकिन उन्हें दूसरे छोर से खास सहयोग नहीं मिला.
अफगानिस्तान की ताकत हैं उसके स्पिनर्स
स्पिन गेंदबाजी अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन राशिद खान, एएम गजनफर और मोहम्मद नबी की तिकड़ी धर्मशाला में भारतीय बल्लेबाजों को खास परेशानी में नहीं डाल पाई. लखनऊ की पिच उनके लिए अधिक अनुकूल हो सकती है.
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, इशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव.
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, बिलाल सामी, नांगेयालिया खरोती, फरीद अहमद मलिक, एएम ग़ज़नफ़र, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान, जिया उर रहमान शरीफी.
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा.